Moradabad: पश्चिमी विक्षोभ बिगाड़ रहा मौसम...आसपास के जिलों में भी बारिश का अनुमान
मुरादाबाद, अमृत विचार। पश्चिमी विक्षोभ मौसम की चाल बिगाड़ रहा है। सोमवार से शुरू हो रहे सप्ताह में कई दिन मुरादाबाद सहित प्रदेश के कई जिलों में छिटपुट से हल्की बारिश का अनुमान मौसम विभाग ने जताया है। रविवार की तुलना में सोमवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की कमी रहेगी।
पश्चिमी विक्षोभ के चलते इन दिनों मौसम आए दिन बदल रहा है। कभी तेज धूप तो अगले दिन बादल व बूंदाबांदी हो रही है। रविवार को दिन में धूप हल्की रही, हवा में नमी रही। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से रविवार की रात से मुरादाबाद सहित प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी बूंदाबादी व छिटपुट बारिश हो सकती है। रविवार को तापमान जहां 32 और 20 डिग्री सेल्सियस रहा वहीं सोमवार को इसमें दो डिग्री की कमी आएगी। बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश होगी।
मौसम के बदलते रंग का असर लोगों की सेहत पर भी पड़ रहा है। खासकर छोटे बच्चे इसकी चपेट में आ रहे हैं। शहर के प्रसिद्ध बालरोग विशेषज्ञ व आईएमए के पूर्व अध्यक्ष डॉ. रवि गंगल का कहना है कि मौसम में असमानता से तापमान में उतार-चढ़ाव होता है। जिसके असंतुलन से बच्चे प्रभावित होते हैं। इन दिनों वायरल बुखार, खांसी, सर्दी, जुकाम, छींक, दस्त से बच्चे पीड़ित हो रहे हैं। ऐसे में उन्हें ठंडी खाद्य सामग्री जैसे कोल्ड ड्रिंक्स, आइसक्रीम आदि से दूर रखें। हल्का गुनगुना पानी भी दे सकते हैं। देर रात या अलसुबह घर से बाहर जाने पर छोटे बच्चों को मोटे कपड़े पहनाकर ही ले जाएं।
