Uttrakhand: धूप-छांव के बीच सुहावना बना नैनीताल का मौसम, तापमान भी गिरा
नैनीताल, अमृत विचार। सरोवर नगरी में रविवार का मौसम बादलों के साथ धूप-छाँव वाला रहा। सुबह के समय धुंध भी छाई नजर आई। तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
नगर में दिन के समय ठंड का एहसास नहीं हुआ, लेकिन सुबह और शाम की ठंड बनी रही। नगर में सुबह के समय धुंध छाई रही, जिससे मौसम अजीब नजर आया। आमतौर पर इस तरह की धुंध दोपहर में ही छाई रहती है। इस बीच बादलों का उमड़ना भी जारी रहा। शाम होते-होते बादल तो छंट गए, लेकिन धुंध बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर नगर में बादलों के रूप में नजर आया, लेकिन वर्षा नहीं हुई।
आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एरीज) के वरिष्ठ पर्यावरण वैज्ञानिक डॉ. नरेंद्र सिंह के अनुसार तापमान में असमानता के कारण नमी के उठने से धुंध का वातावरण बना है। जीआईसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आद्रता अधिकतम 80 प्रतिशत और न्यूनतम 55 प्रतिशत रही।
