फरारी की सुपर लग्जरी कार ‘849 टेस्टारोसा’
भारत में लग्जरी और सुपरकारों की तेजी से बढ़ती मांग को देखते हुए फरारी ने अपनी नई फ्लैगशिप सुपर कार ‘849 टेस्टारोसा’ को देश में लॉन्च कर दिया है। यह कार कंपनी की पॉपुलर सुपरकार एसएप 90 स्ट्राडेल की जगह लेगी। फरारी 849 टेस्टारोसा परफॉर्मेंस और लग्जरी दोनों मामलों में काफी खास रहने वाली है। इस नई सुपरकार को मॉडर्न टेक्नोलॉजी और प्रीमियम फीचर्स के साथ शानदार डिजाइन और पावरफुल इंजन के साथ पेश किया गया है। इस कार में 16 इंच का बड़ा डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है, जिससे ड्राइवर को सारी जरूरी जानकारी आसानी से मिल जाती है।
इसके अलावा इसमें 9 इंच का टचस्क्रीन डिस्प्ले भी है। यह सिस्टम वायरलेस एन्ड्रायड ऑटो और एपल कारप्ले को सपोर्ट करता है, जिससे स्मार्टफोन आसानी से कनेक्ट किया जा सकता है। कार में 7 स्पीकर वाला ऑडियो सिस्टम भी दिया गया है, जो बेहतरीन साउंड क्वालिटी का अनुभव कराता है। प्रीमियम इंटीरियर, मॉडर्न डिजाइन और एलईडी हेडलाइट्स जैसे शानदार फीचर्स इस सुपरकार को लग्जरी और टेक्नोलॉजी का बेहतरीन कॉम्बिनेशन बनाते हैं। रफ्तार के मामले यह कार यह सिर्फ 2.3 सेकंड में 100 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड पकड़ लेती है। इसकी टॉप स्पीड 330 किलोमीटर प्रति घंटा है। माना जा रहा है कि फरारी 849 टेस्टारोसा का भारत में मुकाबला लैंबॉर्गिनी रेव्यूल्टो से होगा। फिलहाल फरारी ने अपनी इस कार की एक्स-शोरूम कीमत 10.38 करोड़ रुपये के आसपास रखी है। कार की डिलीवरी अगले दो माह के भीतर शुरू कर दी जाएगी।
मारुति लाएगी नई मॉडर्न व स्टाइलिश 7-सीटर ई-कार
मारुति सुजुकी अपनी पहली इलेक्ट्रिक कार ई-विटारा के बाद अब एक नई 7-सीटर इलेक्ट्रिक कार उतारने की तैयारी में जुट गई है। यह नई मॉडर्न और स्टाइलिश कार MPV सेगमेंट में उतारी जाएगी। कंपनी की योजना साल 2030 तक देश के बाजार में अपने मॉडल्स की संख्या बढ़ाकर बाजार में हिस्सेदारी बढ़ाने की है, जिसमें इलेक्ट्रिक कारों का बड़ा हिस्सा होगा। अपनी नई 7-सीटर ईवी को कंपनी YMC कोडनेम दिया गया है और यह 27पीएल प्लेटफॉर्म पर तैयार की जा रही है। माना जा रहा है कि इस कार में जापान में बिकने वाली सुजुकी स्पेसिया की झलक देखने को मिलेगी।
इस नई इलेक्ट्रिक MPV का डिजाइन थोड़ा बॉक्सी हो सकता है, ताकि लोगों को अंदर थोड़ी ज्यादा जगह मिल सके। इसके लिए तीन पंक्तियों में इस तरह सीटिंग दी जाएगी, जिससे 7 लोग आराम से बैठ सकें। इस कार के बारे में जो जानकारी सामने आई है, उसके मुताबिक चौकोर हेडलाइट्स, बड़ी ब्लैक ग्रिल पर क्रोम फिनिश और बड़ा मजबूत बंपर दिया जाएगा।
भले ही इस कार में स्लाइडिंग डोर न दिए जाएं, लेकिन डिजाइन में बलेनो और फ्रांक्स के कुछ फीचर्स देखने को मिल सकते हैं। इस कार में 49kWh और 61kWh बैटरी पैक के विकल्प मिल सकते हैं। छोटी बैटरी के साथ 440 किमी और बड़ी बैटरी के साथ 543 किमी की रेंज मिलने की उम्मीद है। इसमें वही पावरट्रेन इस्तेमाल किया जाएगा जो ई-विटारा में दिया गया है। मारुति की यह कार अगले साल लॉन्च होने की उम्मीद जताई जा रही है।
