Bareilly: मार्च क्लोजिंग...नगर निगम के खजाने में धनवर्षा, 131 करोड़ के लक्ष्य के करीब
बरेली, अमृत विचार। वित्तीय वर्ष 2025-26 की समाप्ति की ओर बढ़ते ही नगर निगम के खजाने में धनवर्षा शुरू हो गई है। बकाया संपत्ति कर जमा करने के लिए निगम कार्यालय के काउंटरों पर सुबह से ही लंबी कतारें लग रही हैं।डिजिटल माध्यमों से भी रिकॉर्ड भुगतान किया जा रहा है। सबसे बड़ी राहत सरकारी महकमों से मिली है। हाल ही में बिजली विभाग ने 9.24 करोड़, स्टांप विभाग ने 17 करोड़, पुलिस विभाग ने 99 लाख और कलेक्ट्रेट ने 68 लाख रुपये का बकाया भुगतान कर दिया है। इस तरह सरकारी महकमों से 26 करोड़ की वसूली हुई।
शासन ने इस बार राजस्व वसूली के लिए नगर निगम को 131.56 करोड़ रुपये का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया था। वर्तमान आंकड़ों और बड़े सरकारी विभागों से मिले भारी-भरकम भुगतान को देखते हुए अधिकारियों को पूरा भरोसा है कि चालू वित्तीय वर्ष के समाप्त होने तक इस आंकड़े को पार कर लिया जाएगा। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पीके द्विवेदी का कहना है कि राजस्व वसूली बढ़ाने के लिए चलाया जा रहा विशेष अभियान रंग ला रहा है। 22 मार्च तक आंकड़ा 128 करोड़ के पार पहुंच गया है। बड़ी संख्या में लोग निगम की वेबसाइट और डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग कर घर बैठे ही बिलों का निपटान कर रहे हैं। एक अप्रैल से बकाया राशि पर नियमानुसार ब्याज लगाया जाएगा। इसी पेनाल्टी से बचने के लिए करदाता समय रहते अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
निगम की आय में निरंतर उछाल
पिछले तीन वर्षों के आंकड़ों पर गौर करें तो नगर निगम के राजस्व में जबरदस्त वृद्धि दर्ज की गई है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में कुल वसूली 80.45 करोड़ रुपये थी, जो 2024-25 में बढ़कर 109.70 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। इस वर्ष विभाग ने 28 मार्च तक ही 128 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। अधिकारियों को उम्मीद है कि 31 मार्च तक यह ग्राफ और ऊपर जाएगा, जो विकास कार्यों के लिए शुभ संकेत है।
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि राजस्व वसूली बढ़ाने के लिए विभाग विशेष अभियान चला रहा है। करदाताओं से अपील है कि वे 31 मार्च तक अपना संपत्ति कर अवश्य जमा कर दें, क्योंकि 1 अप्रैल से बकाया राशि पर नियमानुसार अतिरिक्त ब्याज लगाया जाएगा। बिजली, स्टांप और पुलिस जैसे बड़े विभागों से मिला बकाया भुगतान बड़ी उपलब्धि है। निगम का 131 करोड़ का लक्ष्य समय सीमा के भीतर पार कर लिया जाएगा।
