बाराबंकी : खाटू श्याम मंदिर में बड़ी चोरी: लाखों की नकदी पार, खंगाले जा रहे CCTV 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। सतरिख थाना क्षेत्र अंतर्गत मंजीठा गांव के पास स्थित प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर में सोमवार रात चोरों के निशाने पर आ गया। अज्ञात व शातिर चोर मंदिर परिसर में घुसकर पुजारियों के कमरे से करीब 80 हजार रुपये नकद और दानपात्र का ताला तोड़कर लगभग दो लाख रुपये से अधिक की रकम चोरी कर ले गए। घटना से लोगों में आक्रोश है। 

जानकारी के अनुसार मंजीठा ग्राम पंचायत के निकट ही खाटू श्याम मंदिर बना हुआ है। मंगलवार सुबह जब मंदिर के पुजारी चंदन मिश्र नींद से जागे तो मंदिर का ताला टूटा मिला और दानपात्र खाली देखकर उनके होश उड़ गए। अन्य पुजारियों प्रमोद पाठक, श्यामू को जगाकर घटना की जानकारी मंदिर समिति को दी गई। सूचना मिलते ही समिति सदस्य मनोज जायसवाल मौके पर पहुंचे और पुलिस को अवगत कराया। घटना की जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। 

मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे चोरों का सुराग लगाया जा सके। बताया जा रहा कि पुजारी को एक दिन पहले ही करीब 80 हजार रुपये वेतन के रूप में दिए गए थे। वहीं दानपात्र भी कई दिनों से नहीं खोला गया था, जिसके चलते उसमें बड़ी रकम होने की संभावना है। थानाध्यक्ष डीके सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

दुकान से नकदी, लैपटाप लाकेट उड़ाया

कुर्सी थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव निवासी रजनीश सिंह पुत्र कन्हैयालाल लखनऊ-महमूदाबाद मार्ग पर कुंडवा चौराहा पर जगत मोबाइल सेंटर के नाम से दुकान संचालित करते हैं। सोमवार की रात चोर पुलिस को चुनौती देते हुए दुकान की शटर का ताला तोड़ कर अंदर घुस गए। चोरों ने 50 हजार रुपये नकदी, एक लैपटॉप, डेढ़ दर्जन स्मार्ट घड़ी व एक सोने का लॉकेट व मोबाइल की दुकान से कीमती सामान उठा ले गए। मंगलवार की सुबह जानकारी होने पर पीड़ित रजनीश ने डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच की।

ये भी पढ़ें : 
कानपुर पुलिस ने शुरु की ग्रीन कॉरिडोर व्यवस्था, मरीजों के लिये एम्बुलेंस की रियल टाइम मॉनिटरिंग और ट्रैफिक समन्वय

संबंधित समाचार