Moradabad: मुरादाबाद में साइंस पार्क के लिए शासन से 47.99 करोड़ रुपये स्वीकृत
मुरादाबाद, अमृत विचार। महानगर में साइंस पार्क और नक्षत्रशाला निर्माण की राह शासन ने बजट जारी कर आसान कर दी है। साइंस पार्क के लिए शासन ने 47.99 करोड़ रुपये स्वीकृत किया है। इस धनराशि से इसे विकसित किया जाएगा। साइंस पार्क बनने से युवाओं में विज्ञान के प्रति अभिरुचि बढ़ाकर भविष्य की चुनौतियों से निपटने की जानकारी हासिल होगी।
विज्ञान (साइंस) पार्क और नक्षत्रशाला गोविंदपुरम आवासीय योजना, दिल्ली–मुरादाबाद-बरेली मार्ग स्थित गोविंदपुरम आवासीय योजना में बनाया जाएगा। इस परियोजना की जिम्मेदारी एमडीए सौंपी गई है, जिसका उद्देश्य छात्रों को व्यावहारिक विज्ञान और अंतरिक्ष का अनुभव प्रदान करना है। इसके बनने से न सिर्फ मंडल मुख्यालय मुरादाबाद बल्कि आसपास के अन्य जिलों के लोगों को विज्ञान की नवीनतम जानकारियों का लाभ मिलेगा। विज्ञान के छात्रों को इस पार्क से ज्ञान बढ़ाने में मदद मिलेगी।
इस महत्वपूर्ण परियोजना से मुरादाबाद मंडल मुख्यालय को एक बड़ी उपलब्धि हासिल होगी। साइंस पार्क के लिए शासन से 47.99 करोड़ रुपये स्वीकृत कर दिया है। अब इसकी राह आसान हो गई है। परियोजना के प्रथम चरण में 705.12 लाख रुपये निर्माण कार्य और 10 करोड़ रुपये मशीनरी व उपकरणों के लिए बजट सरकार ने मंजूर किया है। इस साइंस पार्क विकसित करने को लेकर पिछले दिनों सर्किट हाउस सभागार में प्रदेश के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री व जिले के प्रभारी अनिल कुमार ने बताया था कि इसके कार्य का शिलान्यास अप्रैल में किया जाएगा। डेढ़ साल में साइंस पार्क बनकर तैयार होगा।
साइंस पार्क में यह होंगी सुविधाएं
- इंटरेक्टिव विज्ञान प्रदर्शनी
- मॉडल, रोबोटिक्स इनोवेशन लैब
-360-डिग्री नक्षत्रशाला।
