सुलतानपुर : इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर व पुलिस कर्मी निलंबित, गोमांस से जुड़े मामले में पुलिस अधीक्षक की कारवाई
सुलतानपुर, अमृत विचारः गोमांस तस्करी से जुड़े एक मामले ने पुलिस महकमे को कटघरे में खड़ा कर दिया है। गंभीर अनियमितताओं के आरोप में पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने निरीक्षक राम आशीष उपाध्याय, उप निरीक्षक अनिल यादव और हेड कांस्टेबल राघवेंद्र सिंह को निलंबित कर दिया है। आरोप है कि बरामद गोमांस को पुलिस रिकॉर्ड से गायब कर आरोपियों को लाभ पहुंचाया गया।
मामला गोसाईगंज थाना क्षेत्र के राजापुर बाजार का है, जहां रविवार रात हिंदू संगठन के सदस्यों ने गोवध की सूचना गोसाईगंज पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छापा मारकर बड़ी मात्रा में गोमांस, हथियार और वाहन बरामद किए। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया और आठ लोगों के खिलाफ गोवध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया। गिरफ्तार कर आठ आरोपियों को न्यायालय भेजा था।
हालांकि, घटनास्थल के वीडियो में भारी मात्रा में गोमांस दिखने के बावजूद पुलिस ने अपनी रिपोर्ट में इसका उल्लेख नहीं किया। इसी खामी के चलते कोर्ट ने आरोपियों की रिमांड खारिज कर सभी आठों आरोपियों को रिहा कर दिया। इस घटनाक्रम से नाराज हिंदू संगठन ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की।
जांच में आरोप सही पाए जाने पर तीनों पुलिसकर्मियों पर गाज गिर गई। उल्लेखनीय है कि इंस्पेक्टर राम आशीष उपाध्याय पहले भी विवादों में रह चुके हैं और पूर्व में निलंबन झेल चुके हैं। गौरतलब हो कि सोमवार को निरीक्षक राम आशीष उपाध्याय को पुलिस अधीक्षक ने बल्दीराय थाने का प्रभार सौंपा था लेकिन चार्ज लेने से पहले निलंबन की कार्रवाई हो गई।
