केजीएमयू में विवाद : कर्मचारी ने मरीज को पीटा, बचाने पहुंचा गाड़ियों का काफिला
लखनऊ, अमृत विचार : किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में बुधवार को विवाद हो गया। यह विवाद पार्किंग में डॉक्टर से हुआ है, आरोप है कि वहां मौजूद कर्मचारियों ने मरीज को पीट दिया। इसके बाद मरीज की तरफ से भी कई गाड़ियों से लोग पहुंचे और हंगामा खड़ा हो गया। हालांकि बाद में सीनियर डॉक्टरों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।
दरअसल, पूरा मामला आर्थोपेडिक विभाग से जुड़ा हुआ हैं। यहां ओपीडी में एक युवक डॉ. शांतनु के पास इलाज के लिए आया था। डॉक्टर से सलाह लेने के बाद युवक पार्किंग में पहुंचा। इसी बीच विभाग के एक डॉक्टर भी ट्रामा सेंटर जाने के लिए पार्किंग में पहुंच गये। किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। आरोप है कि इसी के बाद वहां कुछ कर्मचारी भी पहुंच गये। जिन्होंने मरीज को पीट दिया। मरीज की पिटाई से वहां हंगामा खड़ा हो गया। देखते ही देखते मरीज की तरफ से वहां कई गाड़ियां भी पहुंची, जिसमें युवक सवार थे । मामला बढ़ता देख जिम्मेदार अधिकारियों ने मोर्चा संभाला, तब जाकर विवाद थमा है।
डॉ. शांतनु ने बताया कि वह मरीज फॉलोअप के लिए मेरे पास आया था। वहां से निकलने के बाद विवाद हुआ है। मरीज यदि लिखित शिकायत करता है तो जांच कर हाथापायी करने वाले आरोपित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।
