सरकार का गठन : सनत कुमार अनाड़ी को महिला कल्याण का जिम्मा, ग्राम्य विनाश मंत्री बनें वीरेंद्र कुमार

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

बाराबंकी, अमृत विचार : 42 वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मूर्खिस्तान में भव्य शोभायात्रा और बकवास सम्मेलन के बीच 42वीं सरकार का गठन किया गया। लखपेड़ाबाग लॉन में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति अशोक सैनी ने मंत्रियों को ‘पद दुरुपयोग’ की शपथ दिलाई। सभा का संचालन रत्नेश कुमार ने किया और उन्होंने नई सरकार के गठन का प्रस्ताव पेश किया। 

नई सरकार में अशोक सैनी राष्ट्रपति, डॉ. फिदा हुसैन प्रधानमंत्री, केके द्विवेदी और कपिल यादव उप प्रधानमंत्री चुने गए। विभिन्न ‘विनाशकारी’ विभागों का भी गठन किया गया, जिनमें अन्याय बढ़ाओ मंत्री अधिवक्ता अखिलेश, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रवि आहूजा, कर्मचारी विनाश मंत्री बाबूलाल, गृहमंत्री शिवकरन सिंह, कामचोर बेकारी बढ़ाओ मंत्री रमेशचंद्र, शिक्षा विनाश मंत्री डॉ. अंबरीश ‘अंबर’, युवा बिगाड़ मंत्री साहब नारायण और कृषि एवं उद्यान विनाश मंत्री अनिल श्रीवास्तव ‘लल्लू’ शामिल रहे। 

महिला कल्याण विभाग का जिम्मा सनत कुमार अनाड़ी को सौंपा गया। सूचना एवं प्रसारण विभाग रत्नेश कुमार, सहकारिता विनाश मंत्री धीरेन्द्र वर्मा, सड़क विनाश मंत्री नवीन सिंह राठौर, बाल विनाश एवं परिवार घटाओ मंत्री दीनानाथ तथा एंटीरोमियो बढ़ाओ मंत्री दीपक दिवाकर बनाए गए। इसी क्रम में साहित्य मिटाओ मंत्री ओपी वर्मा, जल जीवन घटाओ मंत्री दिनेशचंद्र रावत, माफिया बढ़ाओ मंत्री धीरज गुलसिया, ग्राम्य विनाश मंत्री वीरेन्द्र कुमार, बीमाधनखोर मंत्री अब्दुल खालिक, मूक-बधिर-विधवा बढ़ाओ मंत्री शिवराम, मच्छर विकास मंत्री रामू सैनी, वन विनाश मंत्री शुभम सैनी, कानून विनाश मंत्री एडवोकेट बृजेश दीक्षित, जल प्रदूषण बढ़ाओ मंत्री बलराम और पंचायतीराज मंत्री रामानंद ने भी शपथ ली। 

तालाब मिटाओ मंत्री आदर्श सैनी, स्पीकर केपी सिंह, नगर विनाश मंत्री पंकी गुप्ता, सभा विगाड़ मंत्री हुमायूं नईम, जहाजरानी एवं पेट्रोलियम हड़पो मंत्री सतीश कश्यप और परिवहन मंत्री मो. सबाह को भी जिम्मेदारियां सौंपी गईं। अंत में ‘मूर्खिस्तान जिंदाबाद’ के नारों के साथ व्यंग्यपूर्ण अंदाज में मंत्रियों को ‘काम करने के लिए धिक्कारते’ हुए सभा का समापन किया गया।

बता दें कि यह सम्मेलन प्रत्येक वर्ष एक अप्रैल के दिन मनोरंजन की दृष्टि से किया जाता है। 

 

संबंधित समाचार