बरेली: घटिया क्वालिटी के और छोटे स्वेटर किए जाएंगे वापस
अमृत विचार, बरेली। परिषदीय स्कूलों में बांटे जा रहे घटिया क्वालिटी के और छोटे स्वेटर अब वापस किए जाएंगे। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने इसके लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को चेतावनी दी है। साथ ही कहा है कि जहां भी घटिया क्वालिटी के स्वेटरों को भेजा गया वे सभी वापस किए जाएं। बता दें कि …
अमृत विचार, बरेली। परिषदीय स्कूलों में बांटे जा रहे घटिया क्वालिटी के और छोटे स्वेटर अब वापस किए जाएंगे। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने इसके लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को चेतावनी दी है। साथ ही कहा है कि जहां भी घटिया क्वालिटी के स्वेटरों को भेजा गया वे सभी वापस किए जाएं।
बता दें कि दैनिक ‘अमृत विचार’ परिषदीय स्कूलों के बच्चों के स्वेटर वितरण में खेल के मामले को प्रमुखता से प्रकाशित करता आ रहा है। बीते करीब एक सप्ताह से लगातार समाचार प्रकाशित होने के बाद शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों ने इस पर संज्ञान लिया है। बुधवार को बेसिक शिक्षा अधिकारी विनय कुमार ने इस मामले में सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को सख्त कार्रवाई करने के आदेश जारी किए हैं।
उन्होंने कहा है कि जिन स्कूलों या बीआरसी केंद्रों पर मानकों के अनुरूप स्वेटरों का वितरण नहीं हुआ है उन्हें वापस किया जाए। बीआरसी से स्वेटर नहीं उठने के लिए खुद फर्म जिम्मेदार होगी। जिस भी स्कूल में मानक के अनुरूप स्वेटर वितरण हुआ है वे तुरंत बीएसए कार्यालय में इसकी सूचना दें। संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बीएसए का कहना है कि आदेश के बाद भी समय-समय पर वह खुद भी स्कूलों और बीआरसी केंद्रों पर जाकर इसका औचक निरीक्षण करेंगे।
दैनिक ‘अमृत विचार’ में प्रकाशित खबरों के आधार पर सभी खंड शिक्षा अधिकारियों के लिए आदेश जारी कर दिए गए हैं। कहीं भी गुणवत्तापूर्ण स्वेटर नहीं पहुंचने पर उसकी कार्यालय में तत्काल शिकायत की जाए। साथ ही स्वेटरों को वापस भी कराया जाए। – विनय कुमार, बेसिक शिक्षा अधिकारी
