बरेली: 60 घंटे से हो रही पड़ताल, नोटों की गिनती जारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। हरसहायमल श्यामलाल ज्वैलर्स के घर और प्रतिष्ठानों पर लखनऊ से आईं टीमों ने तीसरे दिन भी डेरा जमाए रखा। करीब 60 घंटे की जांच पड़ताल में टीम को करोड़ों रुपये की आयकर चोरी मिलने की बात कही जा रही है। टीम में शामिल अफसरों ने बैंक खातों, खरीद फरोख्त व आयकर से …

अमृत विचार, बरेली। हरसहायमल श्यामलाल ज्वैलर्स के घर और प्रतिष्ठानों पर लखनऊ से आईं टीमों ने तीसरे दिन भी डेरा जमाए रखा। करीब 60 घंटे की जांच पड़ताल में टीम को करोड़ों रुपये की आयकर चोरी मिलने की बात कही जा रही है। टीम में शामिल अफसरों ने बैंक खातों, खरीद फरोख्त व आयकर से जुड़े अभिलेख खंगालने के साथ ही सर्राफ से कई अहम जानकारियां जुटाई हैं।

सोना, चांदी व नगदी की लगातार गिनती चल रही है। बुधवार को हरसहायमल श्यामलाल ज्वैलर्स के बरेली व बदायूं के ठिकानों से काफी संपति का ब्योरा जुटाया गया है। हालांकि, देर शाम तक टीम किसी नतीजे पर नहीं पहुंची थी। इधर, दबी जुबान से टीम में शामिल कुछ लोगों ने करोड़ों रुपये की हेराफेरी की बात स्वीकार की है। इस प्रकरण की जांच पड़ताल गुरुवार को भी जारी रहेगी।

लखनऊ आयकर इनवेस्टिगेशन महानिदेशक के निर्देश पर सोमवार को आयकर विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार सुबह एक साथ बरेली, मुरादाबाद, बदायूं और लखनऊ में हरसहायमल श्यामलाल ज्वैलर्स के घर व प्रतिष्ठानों पर छापा मारा था। छापेमारी की कार्रवाई भोर में उस वक्त की गई थी जब कारोबारी व उसके परिवार के लोग जाग भी नहीं पाए थे। सिविल लाइंस स्थित एचएसजे के शोरूम में पिछले दरवाजे से दाखिल हुई टीम ने गार्ड के अलावा कर्मचारियों के मोबाइल जब्त कर लिए थे। डोहरा रोड स्थित सर्राफा कारोबारी के बंगले पर भी छापेमारी में आयकर से संबंधित अभिलखे खंगाले गए थे।

बुधवार को कारोबारी के डोहरा रोड स्थित बंगले और शोरूम पर पुलिस तैनात रही। आयकर विभाग के सूत्रों की मानें तो शुरू में करीब एक दर्जन अधिकारी कार्रवाई में जुटे थे। बाद में जांच-पड़ताल शुरू हुई तो आयकर में हेराफेरी के तमाम सबूत मिले। इसके बाद अब जांच अधिकारियों की संख्या बढ़कर करीब बीस हो गई है। टीम ने बैंक रिकार्ड खंगालने के साथ ही बुधवार को सोने के स्टॉक और रिकार्ड का मिलान कि‍या। कुछ कर्मचारियों को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया। हालांकि, इस मामले में आयकर विभाग के अधिकारी कुछ भी बताने से देर शाम तक इंकार करते रहे। सिर्फ इतना कहा कि कार्रवाई गुरुवार को भी चलेगी।

चार्टर्ड अकाउंटेंट के साथ कर्मचारियों से भी की गई पूछताछ

आयकर विभाग के सूत्रों की मानें तो अफसर भले ही चुप्पी साधे हैं लेकिन करोड़ों रुपये की आयकर चोरी पकड़ी जा सकी है। स्थानीय इनवेस्टिगेशन टीम को लीड कर रहे आयकर विभाग के डिप्टी डायरेक्टर धीरज सिंह बघेल, आयकर निरीक्षक संचित जैन, हिमांशु यादव भी लखनऊ से आई टीम के साथ जांच पड़ताल में शामिल हैं।

शोरूम मालिक के अलावा उसके संबंधियों, चार्टर्ड अकाउंटेंट के साथ कई कर्मचारियों से भी पूछताछ कीजा चुकी है। नगदी, सोना, चांदी की जांच कर उसकी काउंटिंग व तौल बुधवार देर शाम तक जारी रहने की बात कही गई है। इस मामले में स्थानीय अफसरों का कहना है कि कार्रवाई गुरुवार को भी जारी रहेगी। अभी टीम की कार्रवाई खत्म नहीं हुई है। कार्रवाई पूरी होने तक गार्ड व कर्मचारियों को आयकर टीम ने अपनी निगरानी में रखा है।

संबंधित समाचार