GRP Rapid Action: चारबाग स्टेशन-एयरपोर्ट को उड़ाने की धमकी देने वाला गिरफ्तार, पत्नी के दोस्त को फंसाने के लिए दी थी धमकी

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: चारबाग स्टेशन व एयरपोर्ट पर बम लगा है। कुछ देर में उड़ जाएंगे। यह धमकी भरा कॉल शुक्रवार की शाम को 1090 पर आया था। इसके बाद जीआरपी चारबाग की टीम ने मोबाइल नंबर को ट्रैस करना शुरू कर दिया। शनिवार सुबह आरोपी को आलमबाग इलाके से दबोच लिया। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पत्नी के पुरुष मित्र को फंसाने के लिए धमकी भरा कॉल किया था।

जीआरपी इंस्पेक्टर धर्मवीर सिंह के मुताबिक आरोपी उमेश कुमार आलमबाग के भिलावां का रहने वाला है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी की दोस्ती मल्टी कॉलोनी में रहने वाले कार्तिकय से है। दोनों अक्सर फोन पर बातें करते हैं। उमेश के मना करने पर भी नहीं मानती थी। इससे नाराज होकर उमेश ने शुक्रवार शाम अपनी पत्नी के फोन से 1090 पर फोन कर चारबाग स्टेशन और एयरपोर्ट को उड़ाने की धमकी दी। इस सूचना पर जीआरपी टीम ने जिस फोन नंबर से धमकी दी गई थी। उसे सर्विलांस पर लगाया गया तो पता चला कि फोन नंबर कार्तिकय के नाम पर है। टीम उसके पास पहुंची वहां से पता चला कि इस नंबर को उसने उमेश कुमार की पत्नी को दिया है। जिससे वह अक्सर बात करता है। टीम ने उमेश की पत्नी से पूछताछ की तो पता चला कि उमेश ने शुक्रवार को उसका फोन ले लिया था। इस पर टीम ने उमेश को उसके घर के पास से पकड़ा।

संबंधित समाचार