वैश्विक निर्यात केंद्र बनेगा ललितपुर फार्मा हब, UPSIDA और JNPA के बीच हुआ एमओयू
लखनऊ/कानपुर, अमृत विचार : फार्मास्युटिकल विनिर्माण के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश अग्रणी बनेगा। उप्र. राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) और जवाहरलाल नेहरू पोर्ट प्राधिकरण (जेएनपीए) के बीच महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। यह समझौता ललितपुर फार्मा पार्क को वैश्विक निर्यात केंद्र के रूप में विकसित करने में अहम भूमिका निभाएगा।
एमओयू पर यूपीसीडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विजय किरण आनंद और जेएनपीए के अध्यक्ष गौरव दयाल ने हस्ताक्षर किए। इस साझेदारी का उद्देश्य उत्तर भारत के औद्योगिक क्षेत्रों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों से सीधे जोड़ना है।
मल्टीमोडल नेटवर्क से बढ़ेगी कनेक्टिविटी
समझौते के तहत दादरी-खुर्जा रेल लिंक के जरिए ललितपुर फार्मा पार्क को पश्चिमी और पूर्वी डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर से जोड़ा जाएगा। इससे औषधीय उत्पादों का तेज, सुरक्षित और किफायती परिवहन संभव होगा। यह कनेक्टिविटी उत्पादों को सीधे जेएनपीए बंदरगाह तक पहुंचाएगी, जिससे निर्यात प्रक्रिया आसान होगी।
निवेश और निर्यात को मिलेगा बढ़ावा
यूपीसीडा के सीईओ विजय किरण आनंद ने बताया कि यह पहल योगी आदित्यनाथ की उस परिकल्पना को साकार करेगी, जिसके तहत प्रदेश को फार्मा और हेल्थ सेक्टर में अग्रणी बनाना है। इस समझौते से निवेशकों को विश्वस्तरीय लॉजिस्टिक्स सुविधाएं मिलेंगी और उनकी वैश्विक प्रतिस्पर्धा क्षमता बढ़ेगी।
सप्लाई चेन होगी मजबूत
एमओयू के तहत फार्मा सेक्टर की जरूरतों के अनुसार तकनीकी और परिचालन सहयोग भी दिया जाएगा। इससे उद्योग, लॉजिस्टिक्स कंपनियों और अन्य हितधारकों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होगा और सप्लाई चेन अधिक सुदृढ़ बनेगी। यह पहल न केवल औद्योगिक विकास को गति देगी, बल्कि रोजगार सृजन, निवेश आकर्षण और निर्यात बढ़ाने में भी सहायक होगी।
