मुरादाबाद: एलएलबी के छात्र की गोली मारकर हत्या, रिपोर्ट दर्ज
मुरादाबाद, अमृत विचार। कटघर थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात एलएलबी अंतिम वर्ष के छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली मारने वाला कोई और नहीं बल्कि उसका दोस्त था, जो अक्सर विधि छात्र के साथ बैठकर शराब पीता था। दो दिन पहले शराब पीने के दौरान दोनों के बीच विवाद भी हो …
मुरादाबाद, अमृत विचार। कटघर थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात एलएलबी अंतिम वर्ष के छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली मारने वाला कोई और नहीं बल्कि उसका दोस्त था, जो अक्सर विधि छात्र के साथ बैठकर शराब पीता था। दो दिन पहले शराब पीने के दौरान दोनों के बीच विवाद भी हो गया था।
फायरिंग की आवाज सुनकर छात्र के परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोपी तमंचा लहराता हुआ फरार हो गया। सूचना पर फोर्स भी पहुंच गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। छात्र की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। आरोपी दोस्त के खिलाफ कटघर थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
हत्या की यह वारदात मंगलवार की देर रात कटघर थाना क्षेत्र के मोहल्ला सूरज नगर पीतल बस्ती की है। यहां पर रहने वाले विजय यादव का छोटा भाई रवि यादव एलएलबी अंतिम वर्ष का छात्र था। पढ़ाई करने के साथ ही वह कचहरी में एक अधिवक्ता के पास बैठकर कानून की बारीकियां भी सीख रहा था। परिजनों के अनुसार कटघर थाना क्षेत्र के मोहल्ला कल्यानपुर निवासी राकी से उसकी दोस्ती थी। दोनों अक्सर एक साथ बैठकर शराब पीते थे। परिजनों के अनुसार दो दिन पहले शराब पीने के दौरान रवि और राकी यादव के बीच विवाद हो गया था, हालांकि उस वक्त मामले को शांत करा दिया गया था। मंगलवार की रात करीब दस बजे रवि दूध लेने के लिए घर से निकला।
बताते हैं कि अभी वह घर से कुछ मीटर दूर गया था तभी राकी ने उसे घेर लिया। आरोप है कि उसी खुन्नस में राकी ने तमंचे से रवि के माथे पर गोली मार दी। जिससे वह मौके पर गिर गया। विजय के अनुसार फायर की आवाज सुनकर वह मौके की ओर भागे तो आरोपी राकी तमंचा लहराता हुआ फरार हो गया। पुलिस को सूचना देने के साथ ही जिंदा होने की आस में खून से लथपथ रवि को लेकर वह जिला अस्पताल पहुंचे, जहां पर डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी होने के बाद इलाके सहित परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कटघर एसओ गजेंद्र सिंह ने बताया कि भाई विजय यादव की तहरीर पर आरोपी राकी यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी की तलाश में दबिश दी लेकिन वह पकड़ से बाहर है। फिलहाल पूछताछ में शराब पीकर दोनों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है।
एक दिन पहले घर पर आकर भी दी थी धमकी
मुरादाबाद। शराब पीने के दौरान हुए झगड़े के बाद आरोपी राकी ने छात्र रवि को जान से मारने की धमकी दी थी। परिजनों के अनुसार सोमवार की शाम दोनों एक साथ थे। इस बीच किसी बात को लेकर उनके बीच झगड़ा हो गया। विवाद बढ़ने पर रवि अपने घर आ गया। बताते हैं कि इसके बाद शराब के नशे में राकी उसके घर पहुंच गया। आवाज देने के बाद उसने परिजनों को बाहर बुलाया और रवि को जान से मारने की धमकी दी। हंगामा बढ़ने पर तमाम मोहल्ले वाले भी मौके पर आ गए थे। उन्होंने किसी तरह से मामले को शांत कराकर आरोपी राकी को घर भेज दिया था।
