ट्रिप पर जा रहे राइडर की लखनऊ में स्पोर्ट्स बाइक चोरी, कैमरे में दिखा चोर, दर्ज करायी रिपोर्ट
आलमबाग, अमृत विचार: हिमांचल प्रदेश से नेपाल ट्रिप पर जा रहे राइडर की करीब तीन लाख की केटीएम एडवेंचर बाइक कृष्णानगर फिनिक्स मॉल के पास बंधन बैंक के सामने से चोरी हो गई। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो एक आरोपी बाइक ले जाते कैद हुआ है। केरल के राइडर ने कृष्णानगर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर कृष्णानगर पीके सिंह ने बताया कि मूल रूप से केरल के त्रिवेंद्रम स्थित कान्फिडेंट फिनिक्स निवासी राइडर मार्टिन एग्नेशियस अकसर एक से दूसरे प्रदेश की बाइक रोड ट्रिप करते रहते हैं।
वह हिमांचल प्रदेश से नेपाल की ट्रिप पर निकले थे। 29 मार्च की रात वह कृष्णानगर फिनिक्स मॉल के पास पहुंचे। यहां बंधन बैंक के सामने अपनी करीब तीन लाख की केटीएम एडवेंचर बाइक पार्क की। 30 की सुबह नेपाल के लिए निकलना था। सुबह नेपाल रवाना होने के लिए वह बंधन बैंक के पास पहुंचे तो बाइक नदारद थी।
काफी तलाश की पर कुछ पता नहीं चला। घटना की जानकारी पुलिस चौकी पर दी। पुलिस ने भी बाइक की खोजबीन की कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद मार्टिन ने कृष्णानगर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करायी। इंस्पेक्टर ने बताया कि घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गयी तो एक संदिग्ध कैद हुआ है। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
कार व स्कूटी चोरी
कृष्णानगर कोतवाली क्षेत्र स्थित गीतापल्ली निवासी बबिता राकेश पत्नी राकेश मोहन लाल ने बताया कि 3 अप्रैल की सुबह जब वह सोकर उठीं घर के बाहर से अल्टो कार संख्या (यूपी 32 एएल 9522) गायब थी। सीसीटीवी कैमरे में एक चोर उनकी कार चोरी कर ले जाता हुआ दिखाई दिया है। वहीं, सरोजनीनगर निवासी शशि भूषण सिंह ने बताया कि उनकी बेटी शुभ्रा सिंह 23 मार्च को स्कूटी (यूपी 32 एफडी 1602) से आशियाना स्थित एमराल्ड मॉल गई थीं। मॉल के बाहर स्कूटी खड़ी कर वह चली गयी। वापस लौटी तो स्कूटी गायब थी।
