सीएम योगी का जनता दर्शन : 200 लोगों की समस्याओं का समाधान, हर संभव मदद का दिया भरोसा 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

गोरखपुर।  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में करीब 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री से मिलने पहुंची एक छात्रा ने आर्थिक तंगी के कारण अपनी फीस जमा न कर पाने की बात कही। इस पर मुख्यमंत्री ने तत्काल अधिकारियों को उसकी फीस जमा कराने का निर्देश दिया। 

उन्होंने कहा कि आर्थिक दिक्कत के कारण किसी भी बेटी की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सर्वांगीण विकास राज्य सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल हैं।

कार्यक्रम के दौरान गंभीर बीमारियों से पीड़ित परिजन के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने वाले लोगों को भी मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया और कहा कि सरकारी अस्पताल से इलाज के खर्च का ब्यौरा मंगवाकर प्रस्तुत करें, सरकार उपचार में पूरी मदद करेगी। 

मुख्यमंत्री ने सभी फरियादियों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का उचित, विधिसम्मत, समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई पात्र व्यक्ति सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित है, तो उसे तत्काल इन योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। 

ये भी पढ़ें :
शैक्षिक डकैती के अड्डे बन गए स्कूल और पुस्तक विक्रेता, निजी स्कूलों की मनमानी जारी, अभिभावकों पर थोपा जा रहा भारी-भरकम बोझ 

 

संबंधित समाचार