सेटेलाइट नाला प्रकरण: जांच रिपोर्ट में चार गुनहगार, अब कार्रवाई का इंतजार

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। सेटेलाइट बस स्टैंड के पास खुले नाले में गिरकर युवक की मौत मामले में जांच रिपोर्ट आने के बाद सबकी निगाहें दोषियों पर होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं। नगर निगम की जांच कमेटी ने ठेकेदार समेत चार लोगों को दोषी ठहराया है। इसमें सफाई निरीक्षक और दो अवर अभियंताओं पर शासन स्तर से कार्रवाई करने की बात की जा रही है, जबकि सुपरवाइजर पर नगर आयुक्त के स्तर से विभागीय कार्रवाई होना बताया जा रहा है।

घटना 24 मार्च की रात की है, जब हरदोई निवासी तौहीद नाले में गिर गया था। करीब 30 घंटे बाद उसका शव नाले से बरामद किया था, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने जांच कमेटी गठित की थी। कमेटी ने 10 दिन में रिपोर्ट सौंपते हुए निर्माण विभाग के दो जेई, सफाई निरीक्षक और सफाई नायक को दोषी पाया है। जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित ठेकेदार ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी की थी। 

नाले को ढकने या चेतावनी के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। अब ठेकेदार की फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की बात कही जा रही है वहीं, जांच रिपोर्ट के आधार पर शासन स्तर से सफाई निरीक्षक और निर्माण विभाग के दो जेई का निलंबन और स्थानीय स्तर पर सुपरवाइजर पर विभागीय कार्रवाई करते हुए निलंबन और दंड की प्रक्रिया अपनाने की बात कही जा रही है।

नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य का कहना है कि कमेटी ने जांच रिपोर्ट में भविष्य में ऐसी घटना न हो इसके लिए कई सुझाव दिए हैं, जैसे नालों को ढकना, चेतावनी बोर्ड लगाना और नियमित निगरानी शामिल हैं। रिपोर्ट सोमवार को शासन में भेजी जाएगी ताकि जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई हो सके। जांच रिपोर्ट को लेकर नगर निगम के निर्माण, स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।

संबंधित समाचार