Stock Market Closed : शेयर बाजार में मचा धमाल, तेजी के बीच 510 अंक चढ़ा सेंसेक्स, हरे निशान पर बंद हुआ कारोबार  

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

मुंबई। घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को लगातार चौथे दिन तेजी देखी गयी और बीएसई का सेंसेक्स 509.73 अंक (0.69 प्रतिशत) चढ़कर 74,616.58 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 155.40 अंक यानी 0.68 प्रतिशत की बढ़त में 23,123.65 अंक पर पहुंच गया। शुरुआती गिरावट के बाद बाजार में तेजी लौट आयी। सुबह के कारोबार में सेंसेक्स एक समय 800 अंक से ज्यादा लुढ़क गया था, लेकिन दोपहर बाद कम कीमत पर हुई लिवाली से यह हरे निशान में लौट गया। 

मझौली कंपनियों में तेजी रही जबकि छोटी कंपनियों में बिकवाली हावी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.43 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। वहीं, स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.06 प्रतिशत फिसल गया। आईटी कंपनियों में दोपहर बाद लिवाली तेज होने से बाजार को समर्थन मिला। धातु, रियलटी, एफएमसीजी, निजी बैंकों और मीडिया कंपनियों के समूहों में भी तेजी रही। वहीं, सार्वजनिक बैंक और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूह गिरावट में रहे। 

सेंसेक्स की कंपनियों में एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर पौने तीन फीसदी ऊपर बंद हुआ। टीसीएस, इंफोसिस और भारती एयरटेल में भी दो प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज की गयी। सनफार्मा, टेक महिंद्रा, हिंदुस्तान यूनीलिवर, आईटीसी, आईसीआईसीआई बैंक और मारुति सुजुकी के शेयर भी एक से दो प्रतिशत चढ़ गये। टाटा स्टील, एनटीपीसी, बजाज फिनसर्व, कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फाइनेंस और एक्सिस बैंक के शेयर भी हरे निशान में रहे। इंडिगो, अडानी पोर्ट्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा और टाइटन के शेयरों में गिरावट रही।

ये भी पढ़ें :
Stock Market Closed : लगातार तीसरे दिन शेयर बाजारों में तेजी,1% से अधिक चढ़े प्रमुख सूचकांक 

संबंधित समाचार