प्लांट पर हत्याकांड:इनामिया केशव ने अपने भाई के साथ कोर्ट में किया सरेंडर, भेजा गया जेल
बदायूं, अमृत विचार। दातागंज स्थित एचपीसीएल के प्लांट पर हुए दोहरे हत्याकांड मामले में मुख्य आरोपी के दो सगे भाइयों ने कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। एक पर हत्याकांड में शामिल होने का आरोप है। पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। बुधवार को डीआईजी ने इनाम बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिए थे। पुलिस दोनों को रिमांड पर लेगी। जिससे हत्याकांड से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान हो सके।
प्लांट पर 12 मार्च की दोपहर उप महाप्रबंधक सुधीर गुप्ता और सहायक मुख्य प्रबंधक हर्षित मिश्रा की निर्मम तरीके से गोली मारकर हत्या की गई थी। पुलिस ने हत्या करने के मुख्य आरोपी गांव सैंजनी निवासी अजय प्रताप सिंह को मुठभेड़ के बाद जेल भेजा था। पुलिस में पता चला था कि अजय प्रताप सिंह का सगा भाई केशव उर्फ मिचकू पुत्र राजेश कुमार और तहेरा भाई अभय प्रताप उर्फ कल्लू पुत्र राकेश सिंह हत्याकांड में शामिल था। उन दोनों पर पहले भी संगीन मामले दर्ज हैं। जघन्य अपराध करने का अभ्यस्त हैं। वह दोनों हत्याकांड के बाद से फरार चल रहे थे। उनकी तलाश में पुलिस की कई टीमों ने दबिश दी लेकिन दोनों हत्थे नहीं आ रहे थे।
जिसके चलते पुलिस ने दोनों पर 2 अप्रैल को उस पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। सख्ती के बाद भी वह पुलिस के हत्थे चढ़े और न ही कोर्ट में सरेंडर किया था। जिसके चलते डीआईजी ने मंगलवार को इनाम की धनराशि बढ़ाकर 50-50 हजार रुपये कर दी। पुलिस के बढ़ते दबाव और गिरफ्तारी के डर से बुधवार दोपहर लगभग तीन बजे केशव उर्फ मिचकू ने अपने भाई चंद्रशेखर उर्फ नन्हे के साथ कोर्ट पहुंचकर सरेंडर कर दिया।
चंद्रशेखर ने प्लांट के कर्मचारी राहुल मिश्रा पर जानलेवा हमला और रंगदारी मामले में सरेंडर किया है। सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी पहुंच गए। पुलिस ने जेल भेजने से पहले दोनों को का मेडिकोलीगल परीक्षण कराया। पत्रकारों ने आरोपी केशव से हत्याकांड के बारे में पूछा तो उसने कहा कि वकील साहब बताएंगे। चंद्रशेखर बोला कि अन्याय हुआ है। फिर दोनों ने चुप्पी साध ली। कोर्ट के आदेश पर दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है। फरार इनामिया अभय प्रताप सिंह उर्फ कल्लू की तलाश तेज कर दी गई है।
सीओ सिटी रजनीश कुमार उपाध्याय ने बताया कि प्लांट पर दो अधिकारियों की हत्या में वांछित चल रहे दो अभियुक्तों पर डीआईजी ने 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया। पुलिस टीम की गिरफ्तारी से बचने के लिए एक अभियुक्त केशव ने अपने एक अन्य साथी चंद्रशेखर के साथ सरेंडर कर दिया। दोनों को जेल भेजा गया। बाकी अभय प्रताप सिंह की गिरफ्तारी के लिए चार चार टीमें लगी हैं। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
