संपादकीय: बहुद्देशीय विकास का लक्ष्य

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

उत्तर प्रदेश की हालिया कैबिनेट बैठक में लिए गए निर्णय और प्रशासनिक घोषणाएं राज्य के बहुद्देशीय विकास, सामाजिक संतुलन और राजनीतिक प्राथमिकताओं का स्पष्ट संकेत हैं। इन फैसलों में एक साथ विरासत संरक्षण, बुनियादी ढांचे का विस्तार, शिक्षा-सशक्तिकरण और सामाजिक न्याय के तत्व दिखाई देते हैं। उत्तर प्रदेश सरकार के ये निर्णय एक व्यापक और बहुआयामी विकास दृष्टि को दर्शाते हैं, जहां विरासत, विकास और कल्याण को साथ लेकर चलने का प्रयास किया गया है, परंतु इनके प्रभाव का मूल्यांकन संतुलित दृष्टि से आवश्यक है। 


डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित महापुरुषों की प्रतिमाओं के संरक्षण और सौंदर्यीकरण के लिए 403 करोड़ रुपये की योजना, हर विधानसभा में 10 स्मारकों का विकास सांस्कृतिक सम्मान और सामाजिक प्रतीकों को सशक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और जन-जागरूकता भी बढ़ेगी, हालांकि विचारणीय है कि क्या इस प्रकार के प्रतीकात्मक निवेश के समानांतर शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार सृजन जैसे मूलभूत क्षेत्रों में समान गति से निवेश हो रहा है। 

शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के मानदेय में वृद्धि 1.7 लाख कर्मियों के लिए राहतकारी है, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार होगा और शिक्षा व्यवस्था को स्थायित्व मिल सकता है, हालांकि ध्यान रखना होगा कि इससे राज्य पर 1400 करोड़ रुपये से अधिक का अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ेगा। ऐसे में दीर्घकालिक वित्तीय संतुलन बनाए रखना सरकार के लिए चुनौतीपूर्ण होगा। युवाओं के लिए 25 लाख टैबलेट वितरण की योजना डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वाकांक्षी कदम है। इससे शिक्षा और कौशल विकास को गति मिल सकती है, विशेषकर ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों में, लेकिन यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि इन उपकरणों का वास्तविक उपयोग शिक्षा और रोजगार उन्मुख गतिविधियों में हो, न कि केवल वितरण तक ही योजना सीमित रह जाए।

 बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में 52 जनपदों में आधुनिक बस अड्डों का निर्माण और पुल परियोजनाएं राज्य की आर्थिक गतिविधियों को गति देने में सहायक हो सकती हैं। पीपीपी मॉडल के माध्यम से 4000 करोड़ रुपये से अधिक के संभावित निवेश से परिवहन सुविधाओं में सुधार और रोजगार सृजन की उम्मीद है। साथ ही, गोरखपुर में वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय और ग्रेटर नोएडा में नए निजी विश्वविद्यालय की स्थापना शिक्षा के क्षेत्र में विस्तार का संकेत देती है।

सामाजिक न्याय के दृष्टिकोण से शरणार्थी परिवारों को भूमि स्वामित्व अधिकार देना एक ऐतिहासिक निर्णय कहा जा सकता है, जो दशकों पुराने असुरक्षा भाव को समाप्त करता है। इसी तरह बांग्लादेश से आए विस्थापितों के पुनर्वास के लिए रियायती लीज का प्रावधान भी सरकार की अंत्योदय नीति को दर्शाता है। इन सभी योजनाओं के बीच एक बड़ा प्रश्न वित्तीय अनुशासन और प्राथमिकताओं का भी है। जब एक ओर बड़े पैमाने पर व्यय बढ़ रहा है, तो दूसरी ओर राजस्व संसाधनों को मजबूत करने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी समान ध्यान आवश्यक है। केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि उनके धरातल पर परिणाम ही सफलता का वास्तविक पैमाना होंगे।