दिल्ली में घूमते मिले बाराबंकी से अचानक लापता तीन बच्चे, जानें क्या है पूरा मामला
बाराबंकी, अमृत विचार। जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में एक ही गांव से अलग अलग परिवार के तीन बच्चे अचानक लापता हो गए। पुलिस जांच कर ही रही थी तभी पता चला कि यह तीनों दिल्ली में घूमते मिले हैं, इन सभी को चाइल्ड लाइन ने अपने संरक्षण में ले लिया। परिजन इनके मिलने के इंतजार में हैं।
मामला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बुल्लीपुर का है। ग्राम बुल्लीपुर निवासी पप्पू चौहान ने बताया कि उनके दो पुत्र रवि 15 वर्ष और शुभम चौहान 8 वर्ष 7 अप्रैल को दोपहर करीब 3 बजे बिना बताए घर से कहीं चले गए। काफी खोजबीन के बावजूद दोनों का कोई पता नहीं चल सका।
वहीं दूसरे मामले में इसी गांव की पूजा देवी पत्नी रामू ने बताया कि उनका 10 वर्षीय पुत्र राज भी उसी दिन दोपहर करीब 3 बजे से लापता है। परिजनों ने शाम से लेकर देर रात तक तलाश की, लेकिन उसका भी कोई सुराग नहीं मिला। तीनों बच्चों के एक ही समय पर लापता होने की घटना से परिजनों में हलचल मच गई।
परिजनों की तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज की गई है, वहीं पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। तलाश जारी ही थी कि गुरुवार को खबर मिली कि यह तीनों बच्चे दिल्ली में मिल गए हैं। इन्हे वहां घूमते चाइल्ड लाइन ने पकड़ा और पूछतांछ की। इसके बाद बाराबंकी खबर की गई। बच्चों के मिलने से परिजनों को काफी राहत मिली है।
