Barabanki Crime News : 1.26 करोड़ की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, एण्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने की कार्रवाई
बाराबंकी, अमृत विचार। एण्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स बाराबंकी की टीम ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 630 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 26 लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शाने हुसैन पुत्र मो. इमरान निवासी ग्राम सआदतगंज थाना मसौली के रूप में हुई है। यह गिरफ्तारी शुक्रवार को त्रिलोकपुर मोड़, बिन्दौरा पुल के पास थाना मसौली क्षेत्र में की गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से हेरोइन के अलावा एक मोटरसाइकिल, एक एंड्रॉयड मोबाइल और 245 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। इस संबंध में थाना मसौली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हेरोइन किसी अज्ञात व्यक्ति से खरीदकर लाया और रात के समय उसे बेचने की फिराक में था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
उसने यह भी स्वीकार किया कि इस अवैध धंधे में कम समय में अधिक पैसा मिलने के कारण वह इस काम में शामिल हुआ। एएनटीएफ टीम को पूछताछ के दौरान कई अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में थाना मसौली पुलिस का भी सहयोग रहा।
वकील का तख्त जलाने वालों पर रिपोर्ट दर्ज
बारा टोल प्लाजा कर्मियों की पैरवी करने पर वकील के तख्त पर तोड़फोड़ कर आग के हवाले करने के मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया है। न्यायालय कर्मी की ओर से अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है। बताते चलें कि हैदरगढ़ के बारा टोल प्लाजा पर कर्मियों व वकीलों के मध्य विवाद हुआ था। जिसके बाद कर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर इन्हे गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों ने कचहरी के वकील मनोज शुक्ल का सहारा लिया। गत 5 फरवरी को नारेबाजी करते हुए कुछ लोग मनोज शुक्ल के तख्त पर पहुंचे और बेंच तख्त में तोड़फोड़ करने के साथ ही इन्हे आग के हवाले कर दिया गया। इस मामले में प्रभारी न्यायालय सुरक्षा सुनील दत्त कौल की तहरीर के अनुसार, मुकदमे में नामजद अभियुक्तों की जमानत का विरोध चल रहा था।
इसी दौरान अधिवक्ता मनोज शुक्ला द्वारा जमानत प्रार्थना पत्र दाखिल किए जाने के बाद कुछ अधिवक्ताओं में आक्रोश फैल गया। आरोप है कि शाम करीब 5:15 बजे, अधिवक्ता मनोज शुक्ला की अनुपस्थिति में आक्रोशित अज्ञात वकीलों ने उनके बैठने की जगह पर रखी मेज, कुर्सी और तख्त को उठाकर सड़क पर फेंक दिया और उसमें तोड़फोड़ करते हुए आग लगा दी। इस दौरान विरोध प्रदर्शन भी किया गया। पुलिस ने तहरीर के अनुसार संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
विवाहिता की पिटाई कर छत से फेंका, ट्रामा रेफर
शहर कोतवाली क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का शिकार महिला की ससुराल में जमकर पिटाई की गई, इसके बाद जान लेने की नीयत से छत से नीचे फेंक दिया गया। गंभीर दशा में महिला को ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शेखपुर अलीपुर की रहने वाली जेबा परवीन ने तहरीर में बताया कि उसका निकाह 25 मार्च 2022 को महमूद आलम निवासी ग्राम गदिया के साथ हुआ था, रुखसती 21 नवंबर 2024 को हुई। रुखसती के कुछ समय बाद ही उसका पति सऊदी अरब चला गया।
ससुराल वालों ने एक लाख रुपये की मांग को लेकर उसे परेशान करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती और पति भी फोन पर तलाक देने की धमकी देता रहा। आरोप है कि 30 मार्च को दोपहर सास, ननद और अन्य परिजनों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर जेबा के साथ बेरहमी से मारपीट की और जान से मारने की नीयत से उसे छत से नीचे फेंक दिया।
जिससे उसका एक पैर व कई दांत टूट गए और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। आरोप है कि ससुराल वाले उसे अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
