पाल समाज की बेटी के साथ हुई घटना में सपा के लोगों की भूमिका : पूजा पाल
कौशांबी की घटना को लेकर कहा, चुनाव नजदीक आते ही बढ़ रही अराजकता
लखनऊ, अमृत विचार : सपा की बागी विधायक पूजा पाल ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। वहीं, योगी सरकार की तारीफ की। उन्होंने सपा पर आरोप लगाया कि कौशांबी में पाल समाज की एक बेटी के साथ हुई घटना में सपा से जुड़े तत्वों की भूमिका सामने आई है।
कौशांबी विधायक ने कहा कि जैसे-जैसे 2027 का विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे सपा समर्थित गुंडों का आतंक बढ़ता जा रहा है। आरोप लगाया कि प्रदेश में सपा समर्थक अपराधियों द्वारा लोगों को धमकाया जा रहा है और खासकर ओबीसी समाज को निशाना बनाया जा रहा है।
उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे तत्वों को संरक्षण दिया जा रहा है। यह स्थिति चिंताजनक है। पूजा पाल ने कहा कि उप्र. का सौभाग्य है कि राज्य में मजबूत नेतृत्व वाली सरकार है, जिससे ऐसे तत्वों पर नियंत्रण संभव हो पा रहा है। उन्होंने दो टूक कहा कि वह पहले भी ऐसे लोगों के सामने नहीं झुकीं और आगे भी नहीं झुकेंगी।
