UP Pro Handball League: काशी किंग्स की जीत की हैट्रिक, खिताब की दावेदारी मजबूत

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: यूपी प्रो हैंडबॉल लीग में काशी किंग्स ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए जीत की हैट्रिक लगाई और नॉकआउट चरण के लिए अपनी दावेदारी मजबूत कर ली। काशी किंग्स ने गाजियाबाद पैंथर्स को 24-19 से हराकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पकड़ और मजबूत कर ली। वहीं गोरखपुर राउडीज़ ने मथुरा ब्रजस्टार को हराकर दूसरी जीत दर्ज करते हुए दूसरे स्थान पर जगह बनाई। तीसरे मुकाबले में बर्बरीक वॉरियर्स ने नोएडा ब्लास्टर्स को हराकर अपना खाता खोला।

केडी सिंह बाबू स्टेडियम के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देश्यीय हॉल में चल रही लीग में काशी किंग्स ने पूरे मैच में दबदबा बनाए रखा। अविनाश ने शानदार खेल दिखाते हुए 7 गोल दागे, जबकि विमलेश ने 4 और अनीश यादव व मोहित ने 3-3 गोल किए। टीम ने हाफ टाइम तक 14-10 की बढ़त बना ली। गोलकीपर रजत खटकर को मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर चुना गया। गाजियाबाद की ओर से मोहित कुमार और संचिन ने 5-5 गोल किए, लेकिन टीम हार नहीं टाल सकी।

दूसरे मैच में बर्बरीक वॉरियर्स ने शानदार वापसी करते हुए नोएडा ब्लास्टर्स को 22-17 से हराया। हाफ टाइम तक नोएडा 11-6 से आगे था, लेकिन दूसरे हाफ में बर्बरीक ने आक्रामक खेल दिखाया। हसीन खान ने 11 गोल कर टीम को जीत दिलाई और मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर बने।

तीसरे मुकाबले में गोरखपुर राउडीज़ ने मथुरा ब्रजस्टार को 32-25 से मात दी। पवन और क्रिशन ने 8-8 गोल किए और पवन को एमवीपी चुना गया। मथुरा की ओर से निहाल ने 6 गोल किए, लेकिन टीम हार गई। अतिथियों ने खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया।

 

संबंधित समाचार