दूसरे टेस्ट मैच में अजिंक्या रहाणे पर होगा सारा दारोमदार : गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर का मानना है कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबोर्न में होने वाले दूसरे टेस्ट मैच में टीम के कार्य़वाहक कप्तान अजिंक्या रहाणे पर सारा दारोमदार होगा। नियमित कप्तान विराट कोहली की अनुपस्थिति में रहाणे टीम की कप्तानी संभालेंगे। विराट जनवरी में अपने पहले बच्चे के जन्म …

नई दिल्ली। टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर का मानना है कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबोर्न में होने वाले दूसरे टेस्ट मैच में टीम के कार्य़वाहक कप्तान अजिंक्या रहाणे पर सारा दारोमदार होगा। नियमित कप्तान विराट कोहली की अनुपस्थिति में रहाणे टीम की कप्तानी संभालेंगे।

विराट जनवरी में अपने पहले बच्चे के जन्म के कारण एडिलेड टेस्ट के बाद मंगलवार को स्वदेश लौट गए थे। भारत एडिलेड में पहला दिन रात्रि टेस्ट ढाई दिनों में ही आठ विकेट से हार गया था। दोनों टीमों के बीच 26 दिसंबर से मेलबोर्न में दूसरा मुकाबला खेला जाएगा।

पूर्व सलामी बल्लेबाज गंभीर का मानना है कि रहाणे पर टीम का सारा दारोमदार होगा। गंभीर ने स्टार स्पोटर्स के शो क्रिकेट कनेक्टेड में कहा, “टीम इंडिया को याद रखना चाहिए कि वह पहले टेस्ट के पहले दो दिन अच्छी स्थिति में था और तीसरे दिन पहले सत्र में उसका खेल बिखर गया था। उन्हें यह भी याद रखना चाहिए कि अभी तीन टेस्ट बाकी है और इसमें टीम के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी विराट शामिल नहीं होंगे। ऐसे में रहाणे पर सारा दारोमदार होगा। तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के नहीं होने से यह देखना होगा कि रहाणे किस तरह का संतुलन बनाते हैं।” शमी चोटिल होने के कारण शेष टेस्ट सीरीज से बाहर हो चुके हैं।

गंभीर ने दूसरे टेस्ट के लिए अपनी अंतिम एकादश जाहिर करते हुए कहा था कि शुभमन गिल, रिषभ पंत, लोकेश राहुल और रवींद्र जडेजा को इस मुकाबले में मौका मिलना चाहिए। गंभीर ने कहा, “मेरे ख्याल से पृथ्वी शॉ का आत्मविश्वास थोड़ा कम है इसलिए मैं मयंक अग्रवाल के साथ शुभमन को ओपनिंग करते देखना चाहता हूं। चेतेश्वर पुजारा को नंबर तीन और रहाणे को नंबर चार पर उतरना चाहिए। रहाणे इस मुकाबले में टीम के कप्तान होंगे और उन्हें आगे बढ़कर चुनौती को संभालना चाहिए। विराट की जगह रहाणे को चौथे स्थान पर खेलना चाहिए।”

उन्होंने कहा, “लोकेश राहुल को पांचवें स्थान पर खेलना चाहिए जबकि पंत छठे और जडेजा को सातवें नंबर पर खेलना चाहिए। रविचंद्रन अश्विन आठवें नंबर पर खेलने उतरें तथा उसके बाद तीन तेज गेंदबाज उतरें। मैं चाहता हूं कि टीम इस मुकाबले में पांच तेज गेंदबाजों के साथ खेलने उतरे।”

इस बीच टेस्ट सीरीज से पहले बाहर हो गए चोटिल तेज गेंदबाज इशांत शर्मा का मानना है कि रहाणे गेंदबाजों के कप्तान हैं। इशांत ने कहा, “रहाणे के पास आत्मविश्वास है और मैं कह सकता हूं कि वह गेंदबाजों के कप्तान हैं। हमने कई बार एक साथ मुकाबले खेले हैं। जब भी विराट नहीं होते हैं तो वह मुझसे पूछते थे कि आप कैसी फील्ड चाहते हैं और कब गेंदबाजी करना चाहते हैं। क्या आप गेंदबाजी के लिए जाना चाहते हैं। वह गेंदबाजों के कप्तान हैं और रहाणे ऐसे नहीं है कि वह आपको बताएं क्या करना है।”

रहाणे अपनी कप्तानी के दो टेस्टों में भारत को ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान के खिलाफ जीत दिला चुके हैं। इशांत ने कहा कि रहाणे ऐसे खिलाड़ी हैं जो गेंदबाजों और विराट के बीच पुल का काम करते हैं। इशांत ने कहा, “जब साझेदारी बन रही हो और फील्डर क्षमता के अनुरुप क्षेत्ररक्षण नहीं कर पा रहे हो तब एक खिलाड़ी की ऊर्जा पूरे परिदृश्य को बदल देती है। यह ऊर्जा विराट में है और उनकी जगह कोई नहीं ले सकता। रहाणे दबाव में शांत रहते हैं। वह चिंता नहीं करते हैं और गेंदबाजों के साथ बातचीत करते हैं।”

 

संबंधित समाचार