सीएम फेलोशिप कार्यक्रम के लिए 5.18 करोड़ रुपये जारी, 42 जिलों में योजना क्रियान्वयन को वित्तीय स्वीकृति
जिला स्तर पर सीडीओ के माध्यम से होगा खर्च
लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री फेलोशिप कार्यक्रम के प्रभावी संचालन के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 5.18 करोड़ रुपये (518.40 लाख) की धनराशि जारी कर दी है। इस संबंध में शासनादेश जारी करते हुए 42 जिलों में योजना के क्रियान्वयन के लिए धनराशि आवंटित की गई है।
सोमवार को जारी आदेश के अनुसार, यह राशि नियोजन विभाग की अनुदान संख्या-40 के अंतर्गत ‘मुख्यमंत्री फेलोशिप कार्यक्रम’ मद में स्वीकृत की गई है। यह धनराशि संबंधित जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों (सीडीओ) के माध्यम से व्यय की जाएगी, जिससे कार्यक्रम को जमीनी स्तर पर गति मिल सके। शासनादेश के अनुसार, बलिया को सर्वाधिक 38.40 लाख रुपये, संभल को 33.60 लाख और बदायूं, गाजीपुर व महाराजगंज को 28.80-28.80 लाख रुपये की धनराशि आवंटित की गई है। वहीं बरेली और मिर्जापुर को 24-24 लाख, बस्ती को 19.20 लाख तथा कई जिलों को 4.80 से 14.40 लाख रुपये तक की राशि दी गई है।
सरकार का उद्देश्य मुख्यमंत्री फेलोशिप कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं की भागीदारी बढ़ाते हुए विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना है।
