CM योगी का सपा-कांग्रेस पर तीखा हमला: कहा- सपा का स्टेट गेस्ट हाउस कांड और कांग्रेस का आंबेडकर विरोध वास्तविक चरित्र
लखनऊ, अमृत विचार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने स्टेट गेस्ट हाउस में महिलाओं के साथ बर्बर व्यवहार कर अपना वास्तविक चरित्र दिखाया था। कांग्रेस ने बाबा साहेब को चुनाव से वंचित रखने का प्रयास किया। उन्हें भारत रत्न न मिले, इसके लिए षडयंत्र रचे। कांग्रेस आज भले ही संविधान की प्रति लेकर घूम रही है, लेकिन उसकी असलियत को समझने की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को डॉ. आंबेडकर महासभा कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में स्मारिका का विमोचन किया और 75 जिलों में स्थापित बाबा साहेब की 75 मूर्तियों के सौंदर्यीकरण व संरक्षण कार्य का वर्चुअल शुभारंभ किया। इसके पहले हजरतगंज चौक स्थित डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि दलितों के लिए घड़ियाली आंसू बहाने वाले गिनाएं कि बाबा साहेब के नाम पर उन्होंने क्या किया और उनके दर्शन से क्या प्रेरणा ली? सब जानते हैं कि कौन मुख्यमंत्री बनने पर दलित महापुरुषों के स्मारक तोड़ने की धमकी देता था। कड़वा-कड़वा थू, मीठा-मीठा गप, नहीं चलेगा और समाज यह स्वीकार भी नहीं करेगा, क्योंकि समाज असलियत जानता है। जाति के नाम पर समाज को बांटने वाली ताकतें बताएं कि जब बांग्लादेश में दलित नौजवान को जलाया जा रहा था तो उनका मुंह क्यों सिला था।
इस अवसर पर आंबेडकर महासभा के अध्य़क्ष एवं विधान परिषद सदस्य लालजी प्रसाद निर्मल ने अतिथियों का स्वागत किया। समारोह में कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य, समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण, राज्यसभा सांसद ब्रजलाल, महापौर सुषमा खर्कवाल, आंबेडकर महासभा के प्रदेश अध्य़क्ष प्रमोद सरोज, महामंत्री अमरनाथ प्रजापति, कोषाध्यक्ष डॉ. सत्या दोहरे आदि की मौजूदगी रही।
बाबा साहेब ने दिखाई थी न्याय की रोशनी
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर का जीवन ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना को साकार करने, दलितों, वंचितों, गरीबों को न्याय प्रदान करने के लिए समर्पित था। हर दलित-वंचित, गरीब, महिला जब न्याय की अपेक्षा रखती है और उसे जो रोशनी दिखाई देती है, वह रोशनी बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर ने ही दिखाई थी। बाबा साहेब का जो प्रकाश फैला है, उसे हड़पने के लिए कुछ स्वार्थी ताकतें फिर से उनके नाम का स्मरण करने का नाटक कर रही हैं।
बना रहे हैं डॉ. आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक व शोध केंद्र
सीएम ने कहा कि लखनऊ में हमारी सरकार ने तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविद को बुलाकर डॉ. भीमराव आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक व शोध केंद्र के कार्य को बढ़ाया। इसके प्रथम चरण का काम लगभग पूरा हो चुका है, जुलाई तक द्वितीय चरण का कार्य कराने का निर्देश दिया है। यहां दलित बच्चों के लिए बाबा साहेब के दर्शन पर शोध करने का प्लेटफॉर्म उपलब्ध होगा। सामाजिक न्याय और जनचेतना के लिए केंद्र बनेगा, जिससे समाज महापुरुषों के बारे में जान सके। यहां छात्रावास, शोध केंद्र, ऑडिटोरियम, बाबा साहेब की भव्य प्रतिमा भी स्थापित हो रही है।
