Bareilly: शहदाना हॉस्पिटल के शत्रु संपत्ति पर बना ? अब लखनऊ से शुरू हुई जांच
बरेली, अमृत विचार। राजस्व अधिकारियों की जांच में शहदाना हॉस्पिटल शत्रु संपत्ति की भूमि पर बना निकला। इस मामले में शत्रु संपत्ति अभिरक्षक के लखनऊ कार्यालय ने भी जांच शुरू की है। हॉस्पिटल को बचाने के लिए संचालक ने लखनऊ कार्यालय में तमाम दस्तावेज दिए हैं। इसके साथ मुम्बई स्थित कार्यालय से कुछ साल पहले आए रिकार्ड में भी गाटा संख्या की फाइल देखी जाएगी।
हजियापुर के शोएब मलिक ने जुलाई, 2025 में शहदाना हॉस्पिटल शत्रु संपत्ति की भूमि पर बने हाेने की शिकायत की थी। डीएम के निर्देश पर तीन सदस्यीय कमेटी ने जांच की। फरवरी में तहसीलदार सदर सहित अन्य अधिकारियों की रिपोर्ट एडीएम सिटी को भेजी गयी। जांच रिपोर्ट में यह बताया गया था कि हॉस्पिटल गाटा संख्या 224 व 226 की 0.0195 हेक्टेयर (194.81 वर्गमीटर) भूमि पर बना है, जो अभिलेखों में शत्रु संपत्ति के रूप में दर्ज है। हॉस्पिटल संचालक ने जांच टीम को जमीन के दो बैनामे दिखाए थे।
जांच रिपोर्ट में यह बताया गया है कि यह शत्रु संपत्ति खतौनी फसली वर्ष 1425-30 में पाकिस्तान निवासी मोहम्मद उल्ला खां के छह बेटों के नाम दर्ज है। 17 अप्रैल 1987 को इंचार्ज शत्रु संपत्ति ने राजस्व अभिलेखों में इन छह लोगों के नाम खारिज कर जमीन शत्रु संपत्ति के रूप में दर्ज करने का आदेश जारी किया था जिसे कमिश्नर कोर्ट से कई साल पहले खारिज किया जा चुका है। इधर, शत्रु संपत्ति अभिरक्षक लखनऊ कार्यालय के सुपरवाइजर (रिटायर्ड एडीएम) सुनील सिंह ने बताया कि हॉस्पिटल संचालक ने तमाम कागजातों सहित अपनी बात कही है, उनके कागजातों को देख जांच होगी। बॉम्बे से आए शत्रु संपत्तियों के रिकार्ड में भी संबंधित गाटा संख्या के कागजात देख जांच कर सच बाहर लाया जाएगा।
