शाहजहांपुर: गवाही न देने पर बेटे को मारकर लिया बदला
अमृत विचार, शाहजहांपुर। अपने बेटे की हत्या पर गवाही न देने से खफा पिता-पुत्र ने बदला लेने के लिए ग्रामीण के बेटे की हत्या कर दी। बच्चे की सिर पर चारपाई की पाटी मारकर हत्या की गई थी। पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। मामला तिलहर थाना क्षेत्र के ताल्वीपुर दियुरिया गांव का …
अमृत विचार, शाहजहांपुर। अपने बेटे की हत्या पर गवाही न देने से खफा पिता-पुत्र ने बदला लेने के लिए ग्रामीण के बेटे की हत्या कर दी। बच्चे की सिर पर चारपाई की पाटी मारकर हत्या की गई थी। पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला तिलहर थाना क्षेत्र के ताल्वीपुर दियुरिया गांव का है। यहां के रहने वाले इरमान ने 19 नवंबर को पुलिस को सूचना दी थी कि उसका 14 साल का बेटा प्रियांशु लापता हो गया है। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए प्रियांशु की तलाश की तो 20 नवंबर को उसका शव गन्ने के खेत में मिला था।
एसपी एस आनंद ने वारदात स्थल का निरीक्षण कर खुलासे के लिए पुलिस को निर्देश दिए थे। पुलिस कई दिन से हत्यारे की तलाश में लगी हुई थी लेकिन कोई सुराग नहीं मिल रहा था। पुलिस ने पिछला रिकार्ड खंगाला तो उसे गांव के ही रामरहीस पर शक गया। कड़ी से कड़ी जोड़कर पुलिस रामरहीस तक पहुंची और उसे हिरासत में लिया।
सख्ती से पूछताछ पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल लिया। उसने प्रियांशु की हत्या की वजह बताई जो चौंकाने वाली थी। उसने बताया कि साल भर पहले उसके 12 साल के बेटे दुर्गेश की इसी तरह से हत्या कर दी गई थी। उसका भी शव खेत में मिला था। हत्या का शक गांव के रामकरण पर था। मामले में रामकरण जेल भी गया था।
रामरहीस ने प्रियांशु के पिता इरमान से मामले में गवाही देने के लिए कहा था लेकिन इरमान ने इंकार कर दिया था। इस वजह से आरोपी रामकरण छूट गया था। इसके बाद से रामरहीस इरमान से रंजिश मानने लगा था। बदला लेने के लिए उसने अपने बेटे रमाकांत के साथ प्रियांशु की 19 नवंबर को उसी प्रकार हत्या कर दी थी जिस तरह से उसके बेटे दुर्गेश को मारा गया था। घर से निकले प्रियांशु को रामरहीस और उसके बेटे रमाकांत ने सिर पर चारपाई की पाटी मारकर मार डाला था।
हत्यारोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चारपाई की पाटी भी बरामद कर ली। तिलहर कोतवाल दीपक शुक्ला ने बताया कि दोनों आरोपी कहीं भागने की फिराक में थे। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने दोनों को राजनपुर नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम में कोतवाल दीपक शुक्ला, वरिष्ठ उप निरीक्षक विनोद कुमार मौर्या, उप निरीक्षक कुलदीप कुमार, विकास कुमार, कांस्टेबल राहुल चौधरी, दीपक कुमार, महिला कांस्टेबल कोमल पुंडीर, निकिता शर्मा शामिल रहे।
