जौनपुर ने पेश की मिसाल: DM की अपील पर गौ-वंशों के लिए उमड़ा जनसैलाब, 5788 कुंतल भूसा मिला दान

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

जौनपुर। उत्तर प्रदेश में जौनपुर के जिलाधिकारी डॉ दिनेश चन्द्र ने शनिवार को कहा कि जिले में पशुओं के लिए चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे भूसा दान अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। जिलाधिकारी के आह्वान पर जनपद के नागरिक, किसान एवं सामाजिक संगठन आगे आकर भूसा दान कर रहे हैं, जिससे जरूरतमंद पशुपालकों को राहत मिल रही है। ज़िले में अब तक 5788 कुंतल भूसा प्राप्त हो चुका है। 

डॉ चंद्र ने बताया कि इसी क्रम में हरिओम राइस मिल करौरा के प्रोपराइटर योगेश कुमार सिंह (बब्बू) द्वारा गौशाला देवकली में 25 कुन्तल भूसा दान किया गया। जनपद में अबतक विभिन्न गौ-शालाओं में 5788 कुन्तल भूसा दान के माध्यम से प्राप्त किया जा चुका है। सर्वाधिक भूसा दान मुफ्तीगंज से प्राप्त किया जा चुका है। 

यद्पि शासन द्वारा पशुओं के लिए पर्याप्त चारे की व्यवस्था की जा रही है तथापि जिलाधिकारी ने सभी से अपील की है कि निराश्रित पशुओं के प्रति सेवा भाव, दान भाव के दृष्टिगत भूसा दान करें। 

उन्होंने कहा कि भूसा दानदाता को सम्मानित भी किया जायेगा। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में पशुओं के लिए चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। 

उन्होंने कहा कि जो भी नागरिक सक्षम हैं, वे अधिक से अधिक मात्रा में भूसा दान कर इस पुनीत कार्य में अपना सहयोग दें। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों के सहयोग की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि इसी प्रकार सभी के संयुक्त प्रयासों से यह अभियान और अधिक सफल होगा तथा पशुपालकों को बड़ी राहत मिलेगी। 

ये भी पढ़ें : 
ग्रीन फील्ड कॉरिडोर के रूप में विकसित होगा प्रतापगढ़-अयोध्या हाइवे, 10 हजार करोड़ की लागत से सिक्स लेन निर्माण को मिली मंजूरी 

 

संबंधित समाचार