UP: मस्जिद का 25 प्रतिशत हिस्सा टूटना बाकी...सरकारी भूमि पर किया था अवैध निर्माण
संभल, अमृत विचार। जनपद के असमोली थाना क्षेत्र के मुबारकपुर बंद गांव में सरकारी भूमि पर किए गए अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। शनिवार को डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया और एसपी की मौजूदगी में मस्जिद की 35 फीट ऊंची मीनार को गिराने के बाद मस्जिद भवन को तोड़ने का काम देर शाम तक चलता रहा।
अब तक मस्जिद परिसर का बड़ा हिस्सा ध्वस्त कर दिया गया है। हालांकि अभी करीब 25 प्रतिशत निर्माण शेष है, जिसे रविवार या सोमवार तक हटाए जाने की संभावना है। 28 मार्च को राजस्व विभाग द्वारा भूमि की पैमाइश के बाद यह स्पष्ट हुआ था कि गांव में गाटा संख्या 630, जो खेल के मैदान के लिए दर्ज है, उसके 0.126 हेक्टेयर हिस्से पर मदरसा और मस्जिद का निर्माण किया गया था।
इसके अलावा गाटा संख्या 623, जो खाद के गड्ढे के रूप में दर्ज है, उसके करीब 540 वर्ग मीटर क्षेत्र में मदरसा, मस्जिद और पांच दुकानों का निर्माण पाया गया। पैमाइश के बाद 31 मार्च से ही मुस्लिम समुदाय द्वारा निर्माण हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। इसके बाद प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए शुक्रवार को हाइड्रा मशीनों की मदद से मस्जिद की मीनार को गिरा दिया और फिर बुलडोजर से अन्य निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू कराई। डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने बताया कि पूरे अवैध निर्माण को हटाकर जमीन को कब्जा मुक्त कराया जाएगा और बाद में इसे लैंड बैंक में शामिल किया जाएगा।
