भीषण गर्मी दिखाने लगी असर, पारा 45 पार जाने के आसार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश में अप्रैल के मध्य में ही भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। जबकि 16 शहरों में पारा 40 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया। शनिवार को बांदा में अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो इस सीजन का सबसे अधिक है। राजधानी लखनऊ, वाराणसी और प्रयागराज समेत करीब 50 शहरों में तेज धूप और लू जैसे हालात बने हुए हैं।

मौसम विभाग ने बताया कि शुष्क पछुआ हवाओं और आंतरिक महाराष्ट्र के आसपास बने प्रति चक्रवात के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा। खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश के दक्षिणी भागों में दिन के समय कहीं-कहीं उष्ण लहर (लू) चलने की संभावना है।अगले दो-तीन दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी के आसार हैं। कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज, कानपुर, झांसी और बुंदेलखंड क्षेत्र में दिन के समय तेज धूप और गर्म पछुआ हवाओं ने जनजीवन प्रभावित किया। 

लखनऊ में भी तापमान तेजी से बढ़ रहा है और आगामी तीन दिनों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। राजधानी में मौसम शुष्क रहेगा तथा गर्म हवाएं चलने की संभावना है। प्रयागराज में गर्मी और अधिक तीखी रहने के संकेत हैं। सुबह से ही गर्म हवाएं चलने लगी हैं, जिससे लोगों को घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। स्कूल जाने वाले बच्चे चेहरे ढककर और छाते लेकर निकलते दिखाई दे रहे हैं। मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया कि प्रदेश के दक्षिणी भाग में अधिकतम तापमान 45 डिग्री के पार करने के साथ आने वाले दिनों में शुष्क पछुआ हवा चलेगी, लू चलेगी।

संबंधित समाचार