राष्ट्रकवि दिनकर की ‘रश्मिरथी’ का हीरक जयंती पर्व: 24 से 26 अप्रैल तक लखनऊ में होगा भव्य ‘रश्मिरथी पर्व’
लखनऊ, अमृत विचार: राजधानी लखनऊ में 24 से 26 अप्रैल तक राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की कालजयी कृति रश्मिरथी के हीरक जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में ‘रश्मिरथी पर्व’ का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित होगा।
शनिवार को लोक भवन स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस वार्ता में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि यह आयोजन राष्ट्रकवि दिनकर स्मृति न्यास, नई दिल्ली द्वारा सांस्कृतिक कार्य विभाग के सहयोग से कराया जा रहा है। 24 अप्रैल को दिनकर की पुण्यतिथि पर कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इस दिन ‘रश्मिरथी से संवाद’ स्मारिका का लोकार्पण और दानवीर कर्ण के जीवन पर आधारित नाट्य मंचन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान मुख्य वक्ता होंगे। बतौर विशिष्ट अतिथि पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह तथा राज्यसभा सदस्य दिनेश शर्मा सहित अनेक गणमान्य जन सहभागिता करेंगे।
25 अप्रैल को स्वामी विवेकानंद के जीवन पर राष्ट्रीय परिसंवाद और नाट्य मंचन होगा। 26 अप्रैल को बाल गंगाधर तिलक पर आधारित प्रस्तुति और अटल बिहारी वाजपेयी की कविताओं पर ‘अटल स्वरांजलि’ नृत्य नाटिका प्रस्तुत की जाएगी। कार्यक्रम में प्रतिदिन शाम 5:30 बजे से सांस्कृतिक आयोजन होंगे।
