आईपीएल 2026 : तिलक का नाबाद शतक, मुम्बई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस को दिया 200 रनों का लक्ष्य

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अहमदाबाद। तिलक वर्मा (नाबाद 101) और नमन धीर (45) की आतिशी बल्लेबाजी के दम पर मुम्बई इंडियंस ने सोमवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ पांच विकेट पर 199 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। आज यहां गुजरात टाइटंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।

बल्लेबाजी करने उतरी मुम्बई इंडियंस को कगिसो रबाड़ा के कहर का सामना करना पड़ा। दानिश मालेबार (दो) को रबाड़ा ने पगबाधा आउट किया। चौथे ओवर में रबाडा ने क्विंटन डी कॉक (13) का शिकार कर मुम्बई इंडियंस को दूसरा झटका दिया। छठें ओवर में रबाडा ने सूर्यकुमार यादव (15) को बोल्ड कर पवेलियन भेज दिया।

तिलक वर्मा और नमन धीर के बीच 52 रनों की साझेदारी हुई। 13वें ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा ने नमन धीर को आउटकर गुजरात टाइटंस को चौथी सफलता दिलाई। नमन धीर ने 32 गेंदों में छह चौके और एक छक्का लगाते हुए 45 रनों की पारी खेली। 19वें ओवर में मोहम्मद सिराज ने हार्दिक पंड्या (15) को बाउंड्री पर कैच आउट करा दिया।

मुम्बई इंडियंस ने निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट पर 199 रनों का स्कोर बनाया। तिलक वर्मा ने 45 गेंदों में आठ चौके और सात छक्कों की मदद से नाबाद 101 रनों की पारी खेली। गुजरात टाइटंस के लिए कगिसो रबाड़ा ने तीन विकेट लिये। प्रसिद्ध कृष्णा को एक विकेट मिला। 

संबंधित समाचार