Moradabad: दंपती की चाकू से गोदकर हत्या, बढ़े दाम पर मकान की रजिस्ट्री कराने का था विवाद

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। मकान खरीदने और बेचने वाले के बीच काफी समय से चल रहे विवाद को लेकर सोमवार देर रात पति-पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने टीम गठित कर दी है।

थाना सिविल लाइन क्षेत्र के चक्कर की मिलक में सोमवार की देर रात पति-पत्नी राजा और फरहा की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। कुछ समय पहले राजा ने वहीं के रहने वाले फहीम से एक कमरे का मकान खरीदा था। मकान की कीमत दो लाख 24 हजार रुपये थी। 

राजा ने मकान खरीदते समय दो लाख फहीम को दे दिया। फहीम पिछले कुछ समय से राजा से नये दाम पर रजिस्ट्री करने के लिए दबाव बना रहा था। इसके चलते दोनों में विवाद हो गया था। विवाद के चलते अपने साथियों के साथ मिलकर फहीम ने राजा और फरहा की हत्या कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि दोनों लोगों में मकान के रजिस्ट्री को लेकर विवाद चल रहा था। इसको लेकर यह घटना घटित हुई है। आरोपी की तलाश में पुलिस टीम गठित कर दी गई हैं।

 

संबंधित समाचार