Uttrakhand: अप्रैल में बढ़ी तपिश, सरोवर नगरी नैनीताल का पारा 29 डिग्री पार
नैनीताल, अमृत विचार। मैदानी क्षेत्रों के साथ-साथ अब पहाड़ी इलाकों में भी गर्मी का असर साफ तौर पर दिखने लगा है। सरोवर नगरी नैनीताल में मंगलवार को तेज धूप के चलते इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। जीआईसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो पिछले पांच वर्षों में अप्रैल माह के दौरान सबसे अधिक है।
पिछले कुछ दिनों से शहर के तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। अप्रैल की शुरुआत में जहां अधिकतम तापमान करीब 18 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस था, वहीं अब तापमान में तेजी से इजाफा हुआ है। दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को मई-जून जैसी गर्मी का एहसास होने लगा है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले पांच वर्षों में अप्रैल माह में तापमान सामान्यतः 23 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा है।
वर्ष 2022 में अधिकतम तापमान 26 डिग्री, 2023 में 27 डिग्री, 2024 में 25 डिग्री और 2025 में 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इस बार 29 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े ने अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि जलवायु परिवर्तन और मौसम चक्र में बदलाव के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भी तापमान में असामान्य बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। यदि यही स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है, जिससे जनजीवन के साथ-साथ पर्यावरण पर भी प्रभाव पड़ने की आशंका है। अचानक बढ़ी गर्मी को देखते हुए डॉक्टरों ने स्थानीय लोगों के साथ-साथ नैनीताल आने वाले पर्यटकों को भी धूप से बचने और समय-समय पर पानी पीते रहने की सलाह दी है।
