"भारत कभी आतंक के आगे नहीं झुकेगा", पहलगाम हमले की पहली बरसी पर पीएम मोदी का सीधा संदेश

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहलगाम में पिछले साल हुए आतंकी हमले की पहली वर्षगांठ पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने भावुक संदेश में उन्होंने कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में जान गंवाने वाले निर्दोष नागरिकों को कभी भुलाया नहीं जाएगा। साथ ही, उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ एक सख्त संदेश भी दिया है। मोदी ने कहा, “भारत आतंकवाद के खिलाफ दृढ़ता से खड़ा रहेगा। आतंकियों के मंसूबे कभी सफल नहीं होंगे।”

आतंकवाद के नापाक इरादों का अंत तय है

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में लिखा कि, “आज ही के दिन पहलगाम में आतंकियों के कायरतापूर्ण हमले में जान गंवाने वाले लोगों को याद कर रहा हूं। उन सभी को कभी नहीं भूलेंगे। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। देश के रूप में हम इस दुःख और संकल्प में एकजुट हैं। भारत कभी भी आतंकवाद के आगे झुकेगा नहीं, और आतंकियों के नापाक इरादे कभी पूरे नहीं होंगे।”

सशक्त जवाब-सेना का संदेश

वहीं, भारतीय सेना ने भी आतंकियों और उनके समर्थकों को करारा जवाब दिया है। सेना ने सोशल मीडिया पर लिखा, “भारत के खिलाफ किए गए हर कृत्य का जवाब मिलेगा। न्याय निश्चित है — हमेशा।” इसके साथ ही, सेना ने ऑपरेशन महादेव का ग्राफिक्स भी साझा किया, जिसमें बताया गया है कि कैसे पहलगाम में आतंकियों का सफाया किया गया।

पिछले साल का आतंकियों का कायरतापूर्ण हमला

बता दें कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पिछले साल आतंकी हमले ने पूरे देश को हिला कर रख दिया था। आतंकियों ने बैसरन घाटी में पर्यटकों को निशाना बनाकर हमला किया, जिसमें कई निर्दोष लोगों की जान गई और कुछ गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया, जिसमें पाकिस्तान स्थित आतंकी अड्डों को निशाना बनाकर उन्हें तबाह कर दिया गया।

संबंधित समाचार