LSG vs RR Head To Head: लखनऊ के नवाबों से भिड़ेंगे राजस्थान के रजवाड़े, ध्रुव जुरैल ने जीत के लिए भरी हुंकार, मार्करम का भरोसा ..जल्द लौटेगी लय
लखनऊ, अमृत विचार : राजस्थान रॉयल्स के युवा खिलाड़ी ध्रुव जुरैल ने टीम के हालिया प्रदर्शन पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए कहा कि घरेलू मैदान पर खेलना टीम के लिए उत्साहजनक है और जल्द ही जीत की लय वापस आएगी। मंगलवार को प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि आईपीएल जैसे बड़े टूर्नामेंट में एक-दो हार से ज्यादा फर्क नहीं पड़ता। टीम पिछले दो मुकाबले जरूर हारी है, लेकिन खिलाड़ियों का मनोबल बरकरार है।
टीम की तैयारी मजबूत, हार से मनोबल नहीं टूटा
जुरैल ने कहा कि टीम की तैयारी मजबूत है और अब लक्ष्य अगले तीन-चार मैच जीतकर प्लेऑफ की राह आसान करना है। उन्होंने स्पिनर रवि बिश्नोई की तारीफ करते हुए कहा कि मिडिल ओवरों में उनकी गेंदबाजी गेम चेंजर साबित हो रही है।
4.jpg)
साथ ही कोच कुमार संगकारा के मार्गदर्शन को अपने करियर के लिए अहम बताया। विकेटकीपिंग पर उन्होंने कहा कि सचिन तेंदुलकर से सराहना मिलना उनके लिए यादगार पल रहा। वहीं युवा खिलाड़ी वैभव की तारीफ करते हुए उन्हें प्रतिभाशाली बताया। उन्होंने कहा कि ओपनर्स की अच्छी शुरुआत मिडिल ऑर्डर को बेहतर रणनीति बनाने का अवसर देती है।
एलएसजी की बल्लेबाजी पर मार्करम का भरोसा, जल्द लौटेगी लय
लखनऊ सुपर जायंट्स के बल्लेबाज एडन मार्करम ने टीम की मौजूदा बल्लेबाजी पर भरोसा जताते हुए कहा कि यह सिर्फ खराब दौर है और टीम जल्द ही लय हासिल कर लेगी। उन्होंने माना कि इस सीजन में बल्लेबाजी उम्मीद के मुताबिक नहीं रही, लेकिन इसे चिंता का विषय नहीं बताया।
खराब दौर बताते हुए कहा- टीम करेगी मजबूत वापसी
मार्करम ने कहा कि क्रिकेट में कई बार अच्छे शॉट के बावजूद गेंद फील्डर के हाथ में चली जाती है, जिससे रन गति और स्ट्राइक रेट प्रभावित होते हैं। पंजाब के खिलाफ पिछले मैच में टीम के जुझारूपन ने खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि टीम का लक्ष्य घरेलू मैदान को किला बनाना है और प्रशंसकों के सामने बेहतर प्रदर्शन करना है।
4.jpg)
नई ओपनिंग जोड़ी पर भरोसा जताते हुए उन्होंने कहा कि वह मैच का रुख बदलने में सक्षम है। निकोलस पूरन की फॉर्म पर उन्होंने कहा कि हर खिलाड़ी का खराब समय आता है, लेकिन पूरन जैसे खिलाड़ी किसी भी समय मैच जिता सकते हैं।
