पीएम कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्थाएं रहें चाक-चौबंद: वाराणसी में सीएम ने की समीक्षा, महिला सम्मेलन पर खास फोकस

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ/वाराणसी, अमृत विचार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे और प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर सर्किट हाउस में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहे और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।

मुख्यमंत्री ने महिला सम्मेलन के दृष्टिगत सभी तैयारियां समय से पूरी कराने पर जोर देते हुए कहा कि कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं के आवागमन की सुचारु व्यवस्था, पर्याप्त पार्किंग और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने निर्देश दिया कि कार्यक्रम से जुड़े सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित और सुरक्षित हों।

स्वच्छता पर विशेष ध्यान देते हुए योगी आदित्यनाथ ने पूरे शहर में साफ-सफाई बेहतर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्ट्रीट डॉग और छुट्टा पशुओं को आश्रय स्थलों में रखने तथा स्ट्रीट वेंडरों के समुचित प्रबंधन की व्यवस्था करने को कहा। आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए मुख्यमंत्री ने रूट डायवर्जन की बेहतर योजना बनाने का निर्देश दिया। बैठक में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान प्रस्तावित लोकार्पण और शिलान्यास परियोजनाओं की जानकारी भी प्रस्तुत की गई।

विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने रोपवे परियोजना को तेजी से पूरा करने और गंजारी में बन रहे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण को युद्धस्तर पर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि स्टेडियम का कार्य जुलाई के प्रथम सप्ताह तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने मणिकर्णिका घाट और दालमंडी सड़क चौड़ीकरण कार्य को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।

काशी कोतवाल व बाबा विश्वनाथ के चरणों में झुकाया शीश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समीक्षा बैठक के बाद ''काशी कोतवाल'' बाबा कालभैरव एवं श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधिवत दर्शन पूजन किया। इसके बाद उन्होंने बीएलडब्ल्यू का दौरा कर प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के साथ श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी, विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा, राय धर्मेंद्र सिंह, अश्वनी त्यागी, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, डॉ. अवधेश सिंह, भाजपा के महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि आदि उपस्थित रहे।

बनारस-पुणे अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 28 अप्रैल को अपने संसदीय क्षेत्र काशी का दौरा संभावित है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री के आगमन से पूर्व वाराणसी पहुंचकर जनसभा स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। हालांकि, लोकार्पण और शिलान्यास से जुड़ी परियोजनाओं की अंतिम सूची पर अभी मुहर लगना शेष है, प्रधानमंत्री 28 अप्रैल को बरेका में बनारस-पुणे अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना कर सकते हैं। वाराणसी से पुणे के लिए सीधी ट्रेन की मांग लंबे समय से की जा रही थी। 

प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटन से पूर्व, इस ट्रेन की 14 कोच वाली रैक वाराणसी पहुंच चुकी है। वर्तमान में रेलवे अधिकारियों की देखरेख में इसका ट्रायल रन किया जा रहा है और सुरक्षा की बारीकियों की जांच की जा रही है। यह ट्रेन आम नागरिकों की सुविधा के लिए किफायती दरों पर संचालित की जाएगी। प्रशासन द्वारा लोकार्पण और शिलान्यास से जुड़ी अन्य योजनाओं की अंतिम सूची जल्द ही जारी कर दी जाएगी। 

प्रधानमंत्री के दौरे का मुख्य आकर्षण 'नारी शक्ति वंदन' से जुड़ा कार्यक्रम होगा, जिसमें बरेका मैदान में लगभग 50 हजार महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पदाधिकारी इस आयोजन को भव्य बनाने में जुटे हैं। काशी की सभी आठों विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं इस कार्यक्रम में सम्मिलित होंगी। इसके अतिरिक्त, 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा काशी विश्वनाथ मंदिर और काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन किए जाने की भी संभावना है।

 

ये भी पढ़ें : 
लखनऊ से कोलकाता के लिए विशेष ट्रेन : दो फेरों के लिए किया जाएगा संचालन, इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज

MI vs CSK: विल जैक्स की एंट्री से चेन्नई की राह हुई मुश्किल, धोनी की वापसी से बढ़ा जोश, देखें प्लेइंग XI और पिच रिपोर्ट
 कल खुलेंगे बाबा बदरीनाथ के कपाट, फूलों से सजाया गया है सिंहद्वार..यात्रा मार्गों पर पुलिस मोबाइल मोटरसाइकिल टीमें रहेगीं तैनात 
मटका किंग को मिला बॉलीवुड से खास सपोर्ट : अमिताभ बच्चन और प्रियंका चोपड़ा ने वेब सीरीज को बताया शानदार, विक्की कौशल की वॉचलिस्ट में शामिल 
जौनपुर DM की चेतावनी, LPG मुनाफाखोरी और अवैध भंडारण पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश 
वाराणसी में भाजपा महिला मोर्चा का जोरदार प्रदर्शन, राहुल गांधी और अखिलेश यादव के खिलाफ की जमकर नारेबाजी