लखनऊ के एलपीएस की अन्वी और आरएलबी की अक्षरा बनीं टॉपर, सीबीएसई 10वीं में दोनों छात्राओं ने हासिल किए 99 प्रतिशत अंक

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

97.8 प्रतिशत के साथ दाक्षी दूसरे स्थान पर 94.2 प्रतिशत के साथ पीयूष राज तीसरे स्थान पर

लखनऊ, अमृत विचार: सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) 10वीं परीक्षा का परिणाम बुधवार को जारी कर दिया। इसमें एलपीएस साउथ सिटी ब्रांच की अन्वी द्विवेदी और रानी लक्ष्मी बाई सीतापुर रोड ब्रांच की अक्षरा पांडेय ने 99 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। एलपीएस साउथ सिटी की दाक्षी अग्रवाल ने 97.8 प्रतिशत और पीयूष राज ने 94.2 प्रतिशत प्राप्त किए हैं। आरएलबी अदिति गुप्ता को 98.4 और डीपीएस इंदिरानगर की छात्रा स्थिति गुप्ता का 98.8 व अनिका चौधरी को 98.8 प्रतिशत अंक मिले हैं। इन मेधावियों को उनके स्कूल प्रबंधन और परिजन ने मिठाई खिलाकर बधाई दी

अपनी सफलता का श्रेय अन्वी और अक्षरा ने अपने माता-पिता और शिक्षकों के निरंतर सहयोग को दिया। उन्होंने बताया कि नियमित पढ़ाई, समय-समय पर रिवीजन और सैंपल पेपर्स का अभ्यास उनकी सफलता की कुंजी रहा। अन्वी का सपना इंजीनियर बनने का है। जबकि अक्षरा और दाक्षी आगे चलकर विज्ञान के क्षेत्र में जाना चाहती हैं। वह चाहती है कि आगे चलकर वैज्ञानिक बनकर नए-नए समाज उपयोगी अनुसंधान करें और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर काम करें। ज्यादातर टॉपर्स की राय है कि परीक्षा के दौरान छात्रों को सोशल मीडिया से दूरी बनाकर रखनी चाहिए और इंटरनेट का उपयोग केवल आवश्यक जानकारी के लिए सीमित रूप में करना चाहिए। अन्वी के पिता मनोज कुमार द्विवेदी सरकारी अधिकारी हैं।

91.63 प्रतिशत छात्र रहे उत्तीर्ण

सीबीएसई बोर्ड हाईस्कूल के परिणाम में लखनऊ रीजन का रिजल्ट 91.63 प्रतिशत रहा। पिछले वर्ष यह 91 प्रतिशत था। इस बार इसमें सुधार दर्ज किया गया है। लखनऊ में 41 परीक्षा केंद्रों पर करीब 20 हजार छात्रों ने हाईस्कूल की परीक्षा दी थी। जो 17 फरवरी से 11 मार्च के बीच आयोजित हुई थी।

30 जिलों में 2 लाख से अधिक छात्र हुए शामिल

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी सचिन ठाकुर ने बताया कि लखनऊ क्षेत्रीय कार्यालय से जुड़े 30 जिलों में 10वीं और 12वीं की परीक्षा करीब 251 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। जिसमें दो लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल हुए थे। लखनऊ में 41 केंद्रों पर 40 हजार से अधिक छात्रों ने परीक्षा दी थी।

परिणाम यहां देखें

जिन उम्मीदवारों ने सीबीएसई 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा दी है, वह सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.inपर सीबीएसई 10वीं रिजल्ट 2026 देख सकते हैं। CBSE 10वीं कक्षा के रिजल्ट results.cbse.nic.in, cbse.nic.in, cbseresults.nic.in, digilocker.gov.in और results.gov.inपर देखे जा सकते हैं।

ये भी पढ़ें : 

संबंधित समाचार