UP:बरेली-मुरादाबाद पहुंची लैंस कार्ट विवाद की आंच, हिंदू संगठनों ने कंपनी के शोरूमों पर किया हंगामा
बरेली, अमृत विचार। लैंस कार्ट में कलावा और तिलंक पर पाबंदी के विवाद की आंच अब यूपी के जिलों तक आ पहुंची है। बरेली और मुरादाबाद में मौजूद कंपनी के शोरूमों पर जाकर हिंदू संगठन अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं। डीडीपुरम और फीनिक्स मॉल स्थित लेंसकार्ट शोरूम में उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता वहां पहुंचे और कर्मचारियों पर हिंदू धार्मिक प्रतीकों के प्रयोग पर कथित पाबंदी का विरोध किया।
आरोप है कि कंपनी ने एक आदेश जारी किया था, जिसके तहत कर्मचारियों के कलावा बांधने, तिलक लगाने और महिला कर्मचारियों के सिंदूर व बिंदी लगाने पर रोक लगा दी गई थी। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शोरूम में सभी कर्मचारियों को समझाते हुए कलावा बांधा और तिलक लगाया। इस दौरान महानगर मंत्री संजय शुक्ला ने शोरूम मैनेजर शुभम से फोन पर वार्ता की। मैनेजर ने स्पष्ट किया कि कंपनी की ओर से ऐसी कोई मनाही नहीं है।
वहीं मुरादाबाद में आशियाना स्थित लेंसकार्ट कंपनी के शोरूम पर भी विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने शोरूम के कर्मचारियों को भगवा तिलक लगाया और उनके हाथों में कलावा बांधा। साथ ही चेतावनी दी कि अगर कंपनी ने ये फैसला वापस नहीं लिया तो आंदोलन किया जाएगा। तिलक, कलावा और बिंदी लगाने से मनाही के कथित आदेश को भारतीय संस्कृति और धार्मिक आस्था के खिलाफ बताया। बजरंग दल के महानगर संयोजक राजीव ठाकुर ने कहा कि लेंसकार्ट जैसी कंपनियों का यह रवैया स्वीकार्य नहीं है। भारत में रहकर परंपराओं पर रोक लगाना निंदनीय है। तिलक, कलावा और बिंदी सनातन धर्म के प्रतीक हैं और इन्हें रोकना धार्मिक स्वतंत्रता पर प्रहार है।
