Bareilly:शुभलेश यादव बने सपा जिलाध्यक्ष, अखिलेश यादव ने लगाई नाम पर मुहर
बरेली, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी मुखिया अखिलेश यादव ने बुधवार को बड़ा फैसला लिया। बरेली में सपा नेता शुभलेश यादव को जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी प्रदेशाध्यक्ष ने उनके नाम का ऐलान किया। इससे पहले भी वह सपा के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। उन्हें जिलाध्यक्ष बनाना पार्टी का बड़ा दांव माना जा रहा है।
बता दें कि बरेली में काफी समय से सपा जिलाध्यक्ष के पद को लेकर ऊहापोह की स्थिति थी। आगामी 2027 के चुनाव को ध्यान में रखते हुए कयास लगाए जा रहे थे कि जल्द ही अखिलेश यादव पार्टी के किसी नाम पर भरोसा जता सकते हैं। जिसमें शुभलेश यादव का नाम भी सबसे आगे चल रहा था। सपा प्रदेशाध्यक्ष ने श्याम लाल पाल ने उनके नाम का ऐलान करते हुए मीडिया को बताया कि पार्टी अध्यक्ष ने शुभलेश यादव के नाम को बरेली में जिलाध्यक्ष के रूप में स्वीकृति दी है।
शुभलेश यादव को लंबे समय तक पार्टी में काम करने का अनुभव है। यही वजह मानी जा रही है कि उनपर पार्टी ने दूसरी बार भरोसा जताया। वह इससे पहले 2017 से 2019 तक समाजवादी पार्टी बरेली के जिलाध्यक्ष रहे। उनके बाद अगम मौर्य को जिलाध्यक्ष बनाया गया था। इसके बाद करीब चार साल तक शिवचरण कश्यप सपा के जिलाध्यक्ष रहे। जिले में पार्टी की अहम जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्होंने कहा कि 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व सरकार बनाने के लिए पूरा सहयोग दिया जाएगा।
