विश्व पृथ्वी दिवस : धरती को हरा-भरा रखने का संदेश, लखनऊ मेट्रो का अनोखा प्रयास

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

लखनऊ, अमृत विचार : विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर लखनऊ मेट्रो ने बुधवार को हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। ‘हमारी शक्ति, हमारा ग्रह’ थीम पर आधारित इस आयोजन का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित करना और मेट्रो जैसे हरित परिवहन को अपनाने के लिए जागरूक करना था।

कार्यक्रम में कुंवर्स ग्लोबल स्कूल के छात्रों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों से यात्रियों का ध्यान आकर्षित किया। नुक्कड़ नाटक के जरिए छात्रों ने प्रदूषण के दुष्प्रभाव और मेट्रो के उपयोग के फायदे को सरल भाषा में समझाया। वहीं कविता पाठ में विद्यार्थियों ने शहर में मेट्रो की भूमिका को उजागर करते हुए बताया कि यह किस तरह प्रदूषण कम करने और ट्रैफिक नियंत्रण में मददगार है।

इसके अलावा समूह नृत्य और गीत के माध्यम से ‘सेव अर्थ’ का संदेश दिया गया। कई छात्र पेड़ों की वेशभूषा में नजर आए, जिसने यात्रियों को विशेष रूप से आकर्षित किया और कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। कार्यक्रम की खास पहल के तहत छात्रों ने इंदिरा नगर मेट्रो स्टेशन से हजरतगंज तक मेट्रो यात्रा भी की। इस दौरान उन्होंने यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन अपनाने और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने का संदेश दिया।

संबंधित समाचार