बरेली: यीशु जमीं पर आए, चर्च रोशनी से नहाए, कैरॉल गीत गाए
अमृत विचार, बरेली। कोरोना की दहशत क्रिसमस के पर्व पर भी दिखाई दी। कोविड-19 की गाइडलाइन को ध्यान में रखते हुए अधिकतर लोगों ने क्रिसमस का उत्सव घर पर ही मनाया। शहर के कई गिरजाघरों में रात को बड़ी प्रार्थना का आयोजन भी नहीं किया गया। रात को 12 बजते ही घरों में मैरी क्रिसमस …
अमृत विचार, बरेली। कोरोना की दहशत क्रिसमस के पर्व पर भी दिखाई दी। कोविड-19 की गाइडलाइन को ध्यान में रखते हुए अधिकतर लोगों ने क्रिसमस का उत्सव घर पर ही मनाया। शहर के कई गिरजाघरों में रात को बड़ी प्रार्थना का आयोजन भी नहीं किया गया। रात को 12 बजते ही घरों में मैरी क्रिसमस गूंज उठा। ईसाई समाज ने एक दूसरे को प्रभु यीशु के जन्म की बधाई दी, केक काटकर और कैंडल जलाकर प्रभु यीशु की आराधना की। एक-दूसरे को केक भी दिया।
मिशन अस्पताल परिसर स्थित इंगलिश मैथोडिस्ट चर्च गुरुवार को रंग बिरंगी रोशनी से नहाया हुआ नजर आया। कैंडल जलाकर प्रभु यीशु की प्रार्थना की। इस दौरान फादर राबिनसन मिशन ने कोरोना को लेकर विशेष प्रार्थना की। कहा कि जल्द से यह दुनिया फिर से कोरोना मुक्त हो जाए। सभी ने एक दूसरे को क्रिसमस की बधाईयां दीं और केक खिलाया। सभी ने मिलकर प्रभु यीशु मसीह की महिमा का गान किया।
इस मौके श्वेता रॉबिनसन, विपिन सिंह, अजय आनंद, राजीव पॉल, मोहित, अभिषेक आगा, अनीता लाल, मोहित जार्ज, राबिन्सन आदि मौजूद रहे। वहीं, इज्जतनगर स्थित इंटरडिपेंडेंट बैप्टिस्ट चर्च में रात 10 बजे से विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। चर्च को क्रिसमस ट्री और लकी स्टार से सजाया गया था।
कोरोना की वजह से कम ही लोग चर्च में मौजूद रहे। लोगों ने क्रिसमस के गीत गाए। रात 12 बजे केक काटा गया और एक-दूसरे को क्रिसमस की बधाई दी। तो वहीं बिशप कोनराड स्थित चर्च में कम संख्या में श्रद्धालुओं ने पारंपरिक आराधना की। चौकी चौराहा स्थित क्राइस्ट मैथोडिस्ट चर्च और कैंट स्थित दी फ्रीविल बैप्टिस्ट चर्च में कोविड महामारी के चलते विशेष सामूहिक प्रार्थना सभा का आयोजन नहीं किया गया। ईसाई समाज ने प्रभु यीशु से कोरोना महामारी से सभी की रक्षा करने की प्रार्थना की।
एसएसवी पब्लिक स्कूल में क्रिसमस मनाया
एसएस वी पब्लिक स्कूल सुरेश शर्मा नगर में गुरूवार को क्रिसमस के मौके पर एक समारोह का आयोजन किया गया। यह समारोह ऑफ़लाइन साथ ही ऑनलाइन गूगल मीट पर भी आयोजित किया, जिसमें ऑनलाइन विद्यालय के सभी विद्यार्थियों ने भाग लिया । विद्यालय के छात्रों ने सभी छात्रों को यह संदेश दिया कि यह कोरोना एक महामारी है और एक ख़तरनाक बीमारी है जो कि विश्व के कई देशों में आज भी विकराल रूप धारण कर रही है इसलिए जब तक कोरोना की वैक्सीन नहीं आती है तब तक इसमें किसी प्रकार की कोई लापरवाही नहीं की जानी चाहिए।
सभी बच्चों ने सेंटा क्लॉज की वेश-भूषा में सभी को अच्छे स्वास्थ्य के लिए शुभकामनाएं दीं और सभी ने प्रण किया व शपथ ली कि हम मास्क का प्रयोग करेंगे, हाथों को साफ रखेंगे और सामाजिक दूरी का पूरा पालन करेंगे। इस मौके पर कार्यक्रम में प्रबंधक प्रेम प्रकाश शर्मा, चेयरमैन साकेत सुधांशु शर्मा, पल्लवी मिश्रा, यशिता शर्मा, नीता शर्मा, अंजली रावत, वैशाली शर्मा, कोमल गंगवार साक्षी रावत आदि मौजूद रहे।
