बाराबंकी : आठ केन्द्रों पर होमगार्ड परीक्षा का आगाज, सघन तलाशी के बाद मिला प्रवेश, अलर्ट रहा प्रशासन
बाराबंकी, अमृत विचार। हाेमगार्ड परीक्षा का शनिवार को आगाज हो गया। इस परीक्षा के लिए निर्धारित आठ केन्द्रों पर एग्जाम देने के लिए भारी भीड़ उमड़ी। भीषण गर्मी से खुद को बचाते हुए परीक्षार्थी केन्द्रों पर पहुंचे, जहां सघन तलाशी के बाद ही प्रवेश मिला। पहले दिन करीब छह हजार चेहरे परीक्षा में शामिल हुए।
बताते चलें कि होमगार्ड परीक्षा शनिवार से शुरु होकर रविवार व सोमवार को भी होगी। इसके लिए कई दिन से चल रही तैयारियों के बीच कुल आठ केन्द्र बनाए गए व प्रशासन, पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई। कुल परीक्षार्थियों की संख्या 17856 है, जो प्रतिदिन दो पालियों में उपस्थित होंगे।
सभी केन्द्रों को मिलाकर कुल 198 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। शनिवार को परीक्षा का पहला दिन रहा तो गर्मी के तेवर भी काफी तीखे दिखे। तपते दिन के साथ केन्द्रों पर परीक्षार्थियों का मजमा उमड़ा, वहीं इनकी सघन तलाश के बाद भी केन्द्र में प्रवेश दिया गया। पहली पाली के साथ ही दूसरी पाली की परीक्षा भी शांतिपूर्ण ढंग से निपटी।

एक अनुमान के अनुसार पहली व दूसरी पाली मिलाकर कुल छह हजार परीक्षार्थी होमगार्ड परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा निपटने के बाद इनके गंतव्य तक अबाध आवागमन को लेकर अधिकारी व पुलिस मुस्तैद रही। इस बीच जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, सुरक्षा जांच, सीसीटीवी निगरानी, प्रश्नपत्र सुरक्षा, बैठने की व्यवस्था एवं कंट्रोल रूम समन्वय का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों एवं ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।
समय से अपने केन्द्र पहुंची परीक्षार्थी
होमगार्ड की परीक्षा देने आयी युवती गलती से राजकीय बालिका इण्टर कालेज हरख रोड सतरिख पहुंच गई, जबकि उसका परीक्षा केन्द्र थाना कोतवाली नगर क्षेत्रान्तर्गत राजकीय बालिका इण्टर कालेज रहा। पीआरवी टीम को काल कर युवती ने बताया कि टाइम की कमी होने के कारण वह अपने परीक्षा केन्द्र पर पहुंचने में असमर्थ है। इस पर पीआरवी 5481 के कर्मचारियों ने अल्प समयावधि में मौके पर पहुंचकर कॉलर को समय से उसके परीक्षा केन्द्र पर पहुंचाया गया, जिससे कॉलर समय से परीक्षा केन्द्र पर पहुंचकर परीक्षा में शामिल हो सकी।
अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह ने बताया कि सभी आठ केन्द्रों पर परीक्षा सुचारु व शांतिपूर्ण ढंग से निपटी। प्रशासन व पुलिस महकमा पूरी तरह मुस्तैद रहा व परीक्षार्थियों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की गई।
