गाजियाबाद में परफ्यूम फैक्ट्री में भीषण आग, 12 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश में जिला गाजियाबाद क्षेत्र में शनिवार को एक परफ्यूम बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा उसकी चपेट में आ गया। शनिवार को आग की घटना की जानकारी देते हुए अग्निशमन अधिकारी द्वारा बताया गया कि, घटना की सूचना मिलते ही फायर सर्विस यूनिट ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
आग की गंभीरता को देखते हुए कुल 12 दमकल गाड़ियों को मौके पर लगाया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत और सूझबूझ के साथ आग पर काबू पाने का प्रयास किया। जांच के दौरान मौके से पता चला कि आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील केमिकल और परफ्यूम बनाने में उपयोग होने वाले अल्कोहल आधारित पदार्थ मौजूद थे, जिससे आग तेजी से फैलती चली गई। देखते ही देखते फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा लपटों की चपेट में आ गया और आसमान में घना काला धुआं छा गया।
करीब कई घंटों की लगातार मेहनत के बाद फायर टीम ने आग को पूरी तरह से बुझा दिया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, फैक्ट्री में रखे सामान और मशीनरी को काफी नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
समय रहते कार्रवाई किए जाने के कारण आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। फायर विभाग के अधिकारियों ने औद्योगिक इकाइयों से अपील की है कि वे सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करें, विशेष रूप से ज्वलनशील पदार्थों के भंडारण और बिजली के उपकरणों के रखरखाव में लापरवाही न बरतें।
