Moradabad:सूरज की तपिश ने झुलसाया, लू के थपेड़ों से बेहाल रहे लोग, 42 डिग्री तापमान ने तोड़े रिकॉर्ड 

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। अप्रैल के अंतिम दिनों में गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। रविवार को सूरज की तेज तपिश और लू के थपेड़ों ने लोगों को दिनभर बेहाल कर दिया। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक रहा। तेज धूप और गर्म हवा के चलते दोपहर के समय शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आया।

सुबह से ही सूरज की किरणें चुभने लगी थीं और जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, गर्मी ने विकराल रूप ले लिया। दोपहर के समय लू के थपेड़ों ने लोगों का घर से निकलना मुश्किल कर दिया। जो लोग जरूरी काम से बाहर निकले, वे छांव की तलाश करते नजर आए। राहगीर पेड़ों, बस स्टॉप और दुकानों के बाहर खड़े होकर राहत पाने की कोशिश करते दिखे। गर्मी के चलते सबसे ज्यादा परेशानी दिहाड़ी मजदूरों, रिक्शा चालकों और ठेला लगाने वालों को उठानी पड़ी।

काम के दौरान उन्हें लगातार धूप और लू का सामना करना पड़ा। वहीं, बाजारों में भी ग्राहकों की संख्या अपेक्षाकृत कम रही। दुकानदार दिनभर ग्राहकों का इंतजार करते नजर आए। प्यास बुझाने के लिए लोगों ने ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लिया। सड़क किनारे बेल का शरबत, गन्ने का जूस, शिकंजी और नारियल पानी बेचने वालों की दुकानों पर भीड़ देखने को मिली। चिकित्सकों ने लोगों को अधिक से अधिक पानी पीने, धूप में निकलने से बचने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है।

कल से छिटपुट बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार से मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। कुछ स्थानों पर छिटपुट बारिश और बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है। इससे तापमान में थोड़ी कमी आ सकती है जिससे लोगों को भीषण गर्मी से आंशिक राहत मिलने की उम्मीद है।

 

संबंधित समाचार