Moradabad:होमगार्ड्स भर्ती...दूसरे दिन पहली पाली में 2806 और दूसरी पाली में 2793 ने छोड़ी परीक्षा
मुरादाबाद, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स भर्ती की लिखित परीक्षा दूसरे दिन रविवार को महानगर में 28 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच कराई गई। पहली पाली की लिखित परीक्षा में 9626 अभ्यर्थी रहे उपस्थित, 2806 ने परीक्षा छोड़ दी। पहली पाली में अभ्यर्थियों की उपस्थिति 77.4 प्रतिशत रही। जबकि दूसरी पाली में पंजीकृत 12432 में से 9639 ने परीक्षा दी। जबकि 2793 ने परीक्षा छोड़ दी। इस पाली में उपस्थिति 77.53 प्रतिशत रही।
उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स भर्ती की लिखित परीक्षा महानगर में 28 केंद्रों पर हो रही है। कड़ी सुरक्षा के बीच दूसरे दिन रविवार को पहली पाली की लिखित परीक्षा केंद्रों पर कराई गई। जिसमें पहली पाली की परीक्षा में 9626 अभ्यर्थी उपस्थित रहे जबकि 2806 ने परीक्षा छोड़ दी। केंद्रों पर सुबह से ही विभिन्न जिलों से आए अभ्यर्थी पहुंच गए थे। केंद्रों पर लाइन में लगे अभ्यर्थियों की तलाशी के बाद उन्हें अंदर प्रवेश दिया गया। वहीं दूसरी पाली की परीक्षा में पंजीकृत 12432 में से 9639 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। जबकि 2793 ने परीक्षा छोड़ दी। दूसरी पाली में उपस्थिति 77.53 प्रतिशत रही।
जिला प्रशासन की ओर से नामित सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों ने परीक्षा की सघन निगरानी की। नकल विहीन और शुचिता के साथ केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा कराने का निर्देश दिया। केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की गई। वहीं हर केंद्र पर सुरक्षा के लिए पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था। पुलिस और होमगार्ड्स विभाग के अधिकारियों ने भी केंद्रों का निरीक्षण किया। निश्चित समय में प्रश्नपत्र हल करने का निर्देश केंद्र व्यवस्थापक देते रहे।
परीक्षा छूटने के दौरान कई जगह जाम में जूझे लोग
परीक्षा छूटने पर दोपहर में महानगर के बुध बाजार, रेलवे स्टेशन रोड, सिविल लाइंस, बस स्टेशन रोड पर सड़क पर भीड़ होने से जाम लग गया। वाहनों की कतारें लगने से आवागमन प्रभावित हुआ। यातायात पुलिस कर्मियों को जाम हटवाने और यातायात सुचारू कराने में तेज धूप में पसीना बहाना पड़ा, तब जाकर आवागमन सामान्य हुआ।
