होमगार्ड भर्ती परीक्षा देने जा रहे युवक की मौत, डिवाइडर से टकराई बाइक, हादसे में चचेरा भाई घायल
अमृत विचार : बहन की शादी की खुशियों के बीच एक दर्दनाक हादसे ने परिवार को मातम में बदल दिया। होमगार्ड भर्ती परीक्षा देने जा रहे युवक की बाइक निगोहां के भगवानपुर गांव के पास रविवार सुबह डिवाइडर से टकरा गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चचेरा भाई घायल हो गया।
बाराबंकी के फतेहपुर थाना क्षेत्र के गौरा करौंदी निवासी अनुभव सिंह (22) रविवार सुबह अपने चचेरे भाई कुलदीप सिंह के साथ बाइक से रायबरेली परीक्षा देने जा रहा था। सुबह करीब आठ बजे भगवानपुर के पास बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में अनुभव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुलदीप गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। एसओ अनुज तिवारी ने परिजनों को सूचना दी। इकलौते बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और माता-पिता बेसुध हो गए। परिजनों के अनुरोध पर पुलिस ने पंचनामा भरकर शव उन्हें सौंप दिया।
विदाई से पहले पहुंची सूचना, मातम में बदली खुशियां
परिजनों के अनुसार शनिवार को छोटी बहन आकांक्षा की बरात आई थी और रविवार सुबह विदाई होनी थी। सभी लोग तैयारियों में जुटे थे, तभी अनुभव की मौत की सूचना पहुंची। खुशियों भरे माहौल में अचानक मातम छा गया और घर में शहनाइयों की जगह चीख-पुकार गूंजने लगी।
