Bareilly: फल तोड़ रहे बच्चों को बंद कर बैल्ट-केबिल बरसाईं, हाफिजगंज में विवाद
बरेली/हाफिजगंज। पेड़ से शहतूत तोड़ने को लेकर थाना हाफिजगंज क्षेत्र में बच्चों को अमानवीय यातनाएं देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दूसरे पक्ष ने तीन बच्चों को पकड़कर दुकान में बंद कर लिया और उनके नंगे बदन पर बैल्टे बिजली की केबिल बरसाईं। मासूमों के शरीर पर चोटों के निशान दिखाते हुए परिवारों ने पुलिस से शिकायत की है।
वहीं, दूसरे पक्ष ने भी बच्चों पर चोरी का घर में घुसकर हंगामा-धमकी का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के चलते गांव में विवाद की स्थिति बताई गई है।घटना थाना हाफिजगंज क्षेत्र में मिश्रित आबादी वाले हरहरपुर मटकली गांव की है। परिवारों ने पुलिस को बताया कि तीन बच्चे साहिल, अयान और जाने आलम एक व्यक्ति के यहां पेड़ से शहतूत तोड़ने चले गए थे। आरोपी ने फल तोड़ रहे बच्चों को पकड़ लिया और शटर गिराकर उनको अंदर बंद कर लिया।
बंधक बनाकर तीनों बच्चों की बेल्ट व बिजली के केबल से पिटाई की गई। पिटाई के निशान बच्चों के शरीर पर साफ देखे जा रहे हैं। गांववालों के हस्तक्षेप पर बच्चों को छोड़ा गया। शिकायत पर आरोपी पक्ष ने परिवारों को भी धमकी दी गई। बच्चों के घरवालों की सूचना पर डायल 112 की टीम गांव पहुंच गई और एक आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। थाना प्रभारी प्रवीण सोलंकी ने बताया कि घायल बच्चों को उपचार के लिए नवाबगंज भेजा गया है। आरोपी को एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया है।
वहीं, मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया, जब दूसरे पक्ष से भी थाने में तहरीर दे दी गई। रामभरोसे लाल की पत्नी ने आरोप लगाया कि बच्चों ने उनके घर में चोरी की थी। विरोध पर 15 से 20 लोग घर में घुस आए और हंगामा कर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस दूसरे पक्ष के आरोपों की जांच कर रही है। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने की वजह से गांव में विवाद के हालात बताए गए हैं।
